रिश्वत प्रकरण में जुलाना नपा चेयरमैन निलंबित
जुलाना नगर पालिका के चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक द्वारा निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई करीब छह माह पहले सामने आए रिश्वत प्रकरण के आधार पर की गई है। मिली जानकारी के...
जुलाना नगर पालिका के चेयरमैन डॉ. संजय जांगड़ा को शहरी स्थानीय निकाय विभाग के महानिदेशक द्वारा निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई करीब छह माह पहले सामने आए रिश्वत प्रकरण के आधार पर की गई है। मिली जानकारी के अनुसार 16 अगस्त 2025 को एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने डॉ. संजय जांगड़ा को दो लाख से अधिक की रिश्वत लेने के आरोप में गिरफ्तार किया था। आरोप था कि एक ठेकेदार से उसका 91 लाख का बिल पास कराने की एवज में रिश्वत मांगी गई थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन ब्यूरो को दी थी, जिसके बाद टीम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें काबू किया था। सितंबर माह में वे जमानत पर जेल से बाहर आ गए थे और इसके बाद दोबारा चेयरमैन का पदभार संभाल लिया था। हालांकि मामले की जांच जारी है। शहरी स्थानीय निकाय विभाग द्वारा जारी पत्र के अनुसार यदि किसी निकाय के अध्यक्ष या सदस्य के खिलाफ आपराधिक मामले में जांच, पूछताछ या विचारण लंबित हो तो उसे निलंबित किया जा सकता है। इसी प्रावधान के तहत यह कार्रवाई की गई है। वहीं, इस मामले पर टिप्पणी करते हुए नगर पालिका चेयरमैन डॉ संजय जांगड़ा ने कहा कि उन्हें विभाग का जो पत्र मिला है उसमें लिखा गया है कि वो रंगे हाथों पकड़े गए हैं, जबकि वे न तो रंगे हाथों पकड़े गए थे।

