छुट्टी के बाद ड्यूटी पर नहीं पहुंचा आईटीबीपी जवान, मोबाइल बंद
नौताना निवासी की तलाश तेज, गुमशुदगी का केस
गांव नौताना निवासी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) का जवान योगेश छुट्टी पूरी होने के बाद ड्यूटी पर नहीं पहुंचा। जवान का मोबाइल फोन भी करीब दो माह से बंद आ रहा है। पंचकूला स्थित 50वीं वाहिनी आईटीबीपी से पत्र मिलने के बाद परिजनों ने सदर थाना कनीना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी शिकायत में नौताना निवासी फूलचंद ने बताया कि उनका बड़ा बेटा योगेश (38) 2006 में आईटीबीपी में भर्ती हुआ था और वर्तमान में चंडीगढ़ में तैनात है। योगेश विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। शिकायत के अनुसार योगेश 9 जून को एक माह की छुट्टी लेकर घर आया था। छुट्टी पूरी होने पर 8 जुलाई को वह ड्यूटी के लिए घर से रवाना हुआ, लेकिन इसके बाद से उसका मोबाइल लगातार बंद आ रहा है। परिजनों ने कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उससे बात नहीं हो सकी। इसी दौरान परिवार को 50वीं वाहिनी आईटीबीपी, पंचकूला से पत्र मिला, जिसमें योगेश के निर्धारित समय पर ड्यूटी पर वापस नहीं पहुंचने की जानकारी दी गई। पत्र मिलने के बाद परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने पुलिस से जवान की तलाश करने की गुहार लगाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(6) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी के अनुसार जवान की तलाश के लिए विभिन्न स्थानों पर सूचना भेजी गई है। सीसीटीएनएस के माध्यम से एफआईआर की प्रतियां संबंधित अधिकारियों एवं क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भेजी गई हैं।

