फरीदाबाद के सेक्टर-28 में भूमिका रियल एस्टेट के कार्यालय पर आईटी की रेड
दिल्ली से पहुंची विशेष टीम, देर रात तक चली जांच
फरीदाबाद के सेक्टर-28 स्थित भूमिका रियल एस्टेट के कार्यालय पर आयकर विभाग ने बड़ी छापेमारी की कार्रवाई की। दिल्ली से आई विशेष टीम करीब शाम पांच बजे कार्यालय पहुंची और पहुंचते ही पूरे परिसर को अपने नियंत्रण में ले लिया। कार्यालय के बाहर दिल्ली नंबर की कई गाड़ियां खड़ी होने से इलाके में हलचल मच गई और आसपास के कारोबारियों में चर्चा शुरू हो गई।
टीम ने सबसे पहले कार्यालय के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर निगरानी लगा दी। अंदर मौजूद कर्मचारियों को बाहर जाने की अनुमति नहीं दी गई। इसके बाद अधिकारियों ने वित्तीय रिकॉर्ड, खाताबही, निवेश से संबंधित दस्तावेज, कंप्यूटर सिस्टम, लैपटॉप, हार्ड डिस्क और अन्य डिजिटल डेटा की गहन जांच शुरू की।
भूमिका रियल एस्टेट से जुड़े दस्तावेज खंगाले
बताया जा रहा है कि लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों को विशेष रूप से खंगाला गया। इस दौरान कुछ डिजिटल रिकॉर्ड जब्त किए जाने की भी जानकारी सामने आई है। टीम देर रात तक दस्तावेजों की पड़ताल में जुटी रही। सूत्रों के अनुसार आय-व्यय के अंतर, प्रोजेक्ट निवेश और प्रॉपर्टी ट्रांजैक्शन से जुड़े मामलों की विशेष जांच की जा रही है। हालांकि, आधिकारिक रूप से विभाग की ओर से अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक यह कार्रवाई संभावित आयकर अनियमितताओं की जांच के तहत की गई है। विभाग यह पता लगाने का प्रयास कर रहा है कि कहीं आय छिपाने, गलत लेखांकन या संदिग्ध निवेश का मामला तो नहीं है। छापेमारी के दौरान क्या बरामद हुआ और आगे क्या कार्रवाई होगी, इस पर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी फरीदाबाद में आयकर विभाग की टीम ने लगातार चार दिन तक विभिन्न कारोबारियों के ठिकानों पर छापेमारी की थी। उस कार्रवाई में शहर के एक बिल्डर, स्कूल संचालक, पेट्रोल पंप मालिक और सिक्योरिटी कारोबारी के ठिकानों की जांच की गई थी, जिससे कारोबारी वर्ग में हलचल मच गई थी।

