धान की सीधी बिजाई पर दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार 5 को
उरलाना कला गांव के प्रगतिशील किसान प्रीतम सिंह आमंत्रित
धान की सीधी बिजाई की तकनीकों के साथ इस दिशा के प्रेरक कार्यक्रमों में कृषि क्षेत्र की विख्यात कंपनी बायर द्वारा 5 फरवरी को दिल्ली के इंडिया हैबिटेट सेंटर में अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा। इस सेमिनार में मार्गदर्शन पैनल में यहां से 6 किलोमीटर दूर और उरलाना कला गांव के प्रगतिशील किसान प्रीतम सिंह को आमंत्रित किया गया है। गेहूं व धान की फसलों में अनेक तरह की शोध की उपलब्धियों के साथ सरकार से अनेक तरह के पुरस्कार पाने वाले प्रीतम सिंह का धान उत्पादन में गहन अध्ययन है।
उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उत्तर प्रदेश के बनारस में अंतरराष्ट्रीय धान अनुसंधान संस्थान की तरफ से धान की सीधी बिजाई पर ऐसा ही सेमिनार किया गया था। उस सेमिनार में भी उन्होंने पैनलिस्ट के रूप में भाग लिया। प्रीतम सिंह ने बताया कि इंडिया हैबिटेट सेंटर में आयोजित किए जा रहे सेमिनार में बांग्लादेश, चीन व पाकिस्तान जैसे धान उत्पादक देशों के वैज्ञानिक भी भाग लेंगे लेकिन किसान समाज से वही होंगे जिन्हें पैनल में लिया गया है।

