एचपीएससी भर्ती अनियमितताओं व एचटेट घोटाले के आरोप में इनसो का प्रदर्शन
भर्ती परिणामों की प्रतियां जलाईं
हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) की भर्तियों में कथित अनियमितताओं, 35 प्रतिशत न्यूनतम अंक नीति, एचटेट घोटाले तथा प्रदेश के विश्वविद्यालयों में वर्षों से खाली पड़े शिक्षण एवं गैर-शिक्षण पदों के विरोध में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) ने सोमवार को एमडीयू स्थित महर्षि दयानंद चौक पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित छात्रों ने एचपीएससी की भर्ती प्रक्रियाओं और परिणामों की प्रतियां प्रतीकात्मक रूप से जलाकर हरियाणा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन का नेतृत्व इनसो प्रदेश अध्यक्ष दीपक मलिक ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि एचपीएससी जानबूझकर पदों को खाली रखकर युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है, जबकि योग्य अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया से बाहर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि 35 प्रतिशत न्यूनतम अंक नीति के कारण बड़ी संख्या में योग्य उम्मीदवारों को नुकसान हुआ है।
दीपक मलिक ने एचटेट परीक्षा में परिणामों से छेड़छाड़ का गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सरकार की सीधी संलिप्तता वाला घोटाला बताया और इसकी उच्चस्तरीय जांच की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ही मांगों पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया, तो इनसो प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।
प्रदर्शन में संतलाल कलकल, विशेष अहलावत, अनुराग कंडोला, मयंक शर्मा, विश्वेंद्र रावत, अंकुश कुंडू, चिराग दहिया, प्रिंस कुंडू, प्रतीक, अनुज, कपिल, अजय, अमन, प्रिंस लाठवाल, मनदीप, परवीन हुड्डा, रवि, परवेश, कुलजीत मलिक, उदय, हर्ष, अतुल, तनिष, आकाश, हिमांशु, कृष और विशाल सहित बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।

