सोनीपत में मेयर के लिए 9, पार्षद के लिए 89 उम्मीदवार मैदान में डटे
कांग्रेस-भाजपा, इनेलो और आप पार्टी चिह्न पर लड़ रही चुनाव
नगर निगम चुनाव नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब मेयर पद के लिए 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। वहीं पार्षद पद के 13 उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया। ऐसे में अब 89 उम्मीदवार पार्षद पद के चुनाव के लिए मैदान में डटे हैं। मंगलवार को ही मेयर और पार्षद पद के उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न अलॉट कर दिए गए हैं। जानकारी के अनुसार, मंगलवार को नामांकन वापसी के अंतिम दिन मेयर पद के लिए भाजपा और कांग्रेस के कवरिंग उम्मीदवारों ने भी नामांकन वापस ले लिये। भाजपा की ओर से दिव्यांक जैन और कांग्रेस की ओर से मेघा दिवान ने अपना नामांकन वापस लिया। इसके साथ ही उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न भी अलॉट कर दिए गए। भाजपा उम्मीदवार राजीव जैन का चुनाव चिह्न कमल का फूल, कांग्रेस उम्मीदवार कमल दिवान का चुनाव चिह्न हाथ का निशान, इनेलो उम्मीदवार आनंद कुमार का चुनाव चिह्न चश्मा है, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी सत्यवीर सिंह का नामांकन रद हो गया था। वहीं, निर्दलीय उम्मीदवार रमेश खत्री को रोड रोलर, कमलेश कुमार सैनी को सेब, संत धर्मबीर चोटीवला को ब्लैक बोर्ड, अनिल सिंघल को घड़ी, चांद राम को आम और हवा सिंह को अंगूर का गुच्छे का चुनाव चिह्न मिला है।
इनेलो ने 3, आप ने 10 वार्डों में उतारे उम्मीदवार
भाजपा-कांग्रेस के अलावा इनेलो और आम आदमी पार्टी (आप) चुनाव चिह्न पर लड़ रही हैं। आम आदमी पार्टी ने 10 वार्डों में अपने उम्मीदवार उतारे है, जिसमें वार्ड-1 से योगेश पाल, वार्ड-3 से दीपक, वार्ड-9 से ऊषा, वार्ड-10 से आमिन खान, वार्ड-14 से आशा विमल किशोर, वार्ड-15 से विमल किशोर, वार्ड-17 से विकास बबीता, वार्ड-19 से विकास दहिया, वार्ड-20 से अधिवक्ता प्रीति दहिया और वार्ड-22 से शेर मोहम्मद मैदान में हैं। वहीं, इनेलो ने तीन वार्डों में उम्मीदवार उतारे हैं, जिसमें वार्ड-1 से अकबर खान, वार्ड-19 से सचिन लाठिया और वार्ड नंबर-22 से जोगेंद्र प्रजापति मैदान में हैं।

