Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

मल्हा माजरा में हथियारबंद बदमाशों ने लूटपाट के दौरान महिला के सामने की बेटे की हत्या

-घर में कीमती सामान न होने की बात कहे जाने पर गुस्साएं बदमाश ने युवक को घोंपा चाकू

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
सोनीपत के गांव मल्हा माजरा में हत्या व लूटपाट की घटना के बाद पीडि़त के घर के सामने जुटे ग्रामीण।-हप्र
Advertisement

गांव मल्हा माजरा में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। हथियारबंद चार बदमाश लूटपाट के इरादे से घर का मुख्य दरवाजा तोडक़र अंदर घुस आए। इस पर युवक ने कहा कि घर में कुछ खास कीमती सामान नहीं रखा। इस पर बदमाशों ने उसकी मां के सामने बेटे के सीने में चाकू घोंप दिया। इस हमले में युवक की मौत हो गई। बाद में महिला को एक कमरे में बंद कर बदमाश लूटपाट करके फरार हो गये। पुलिस ने लूट व हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

दरवाज़ा तोड़कर घुसे, बेटे की हत्या

गांव मल्हा माजरा निवासी सुनीता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार रात को वह तथा उनका बेटा साहिल (26 वर्ष) अलग-अलग कमरों में सो रहे थे। उनकी पुत्रवधू पिंकी मायके गई हुई है जबकि बड़ा बेटा भारतीय वायु सेना में कार्यरत हैं और परिवार सहित बाहर रहता है। उनका घर गांव के बाहरी क्षेत्र में है। देर रात करीब एक बजे उन्हें दरवाजा खुलने की आवाज सुनाई दी। जब वह बाहर आई तो देखा कि चार युवक दरवाजा तोडक़र अंदर घुस आए। बदमाशों के पास दो पिस्तौल और धारदार हथियार थे। बदमाशों के छत के रास्ते घर में घुसने का अंदेशा है।

Advertisement

मामूली बात पर मार दिया चाकू

शोर सुनकर बेटा साहिल भी बाहर आ गया। सुनीता ने बताया कि बदमाशों ने उनके बाल पकडक़र पिस्तौल अड़ा दी। बदमाशों ने धमकी दी कि माल कहां हैं, पैसे निकालो। जिस पर उन्होंने अलमारी की चाबी निकाल कर उन्हें दे दी। इसी बीच उनके बेटे साहिल ने कहा कि घर में कोई खास कीमती सामान नहीं है। इतना कहते ही गुस्साएं एक बदमाश ने उनके बेटे के सीने में चाकू घोंप दिया। बेटा खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। बदमाशों ने सुनीता के बालियां व अंगूठी छीन ली और बाद में उसे घर के कमरे में बंद कर दिया। उसके बाद बदमाश घर से सोने की चेन, अंगूठी, चांदी की छह जोड़ी पाजेब व छह-सात हजार रुपये व मोबाइल लूट कर भाग गए। लूटपाट के बाद बदमाश उसके कमरे की कुंडी खोल गये।

Advertisement

सुनीता ने बताया कि बदमाशों के जाने के बाद वह बाहर आई तो बेटे को खून से लथपथ देख ऊपर कमरे में किराएदार महेंद्रगढ़ निवासी हितेश को मामले की जानकारी दी। उसने इसके बारे में तुरंत ग्रामीणों को बताया। ग्रामीण साहिल को लेकर निजी अस्पताल में पहुंचे तो उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने खानपुर मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने सुनीता के बयान पर घर में घुसकर लूट व हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गांव मल्हा माजरा में लूटपाट के साथ युवक की हत्या की गई है। प्राथमिकी दर्ज करने के साथ ही थाना व सीआईए की 8 टीम मामले की जांच में लगाई है। जल्द हमलावरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।

नरेंद्र कादियान, डीसीपी क्राइम

Advertisement
×