सफीदों में पिछले तीन दिनों से जनवितरण प्रणाली का सॉफ्टवेयर बार-बार खराब होने के कारण सफीदों में रसोई गैस की सप्लाई प्रभावित हो रही थी। हालांकि शुक्रवार को स्थिति में कुछ सुधार देखने को मिला और उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर मिलने लगे।
सफीदों में इंडेन कंपनी की दो गैस एजेंसियां हैं। इनमें से पुरानी एजेंसी पर शुक्रवार को रसोई गैस उपलब्ध नहीं थी, जबकि नई एजेंसी से करीब 350 रिफिल जारी किए गए।
नई एजेंसी के संचालक जगदीप ने बताया कि शुक्रवार को सॉफ्टवेयर सही तरीके से काम कर रहा था। साथ ही बृहस्पतिवार शाम से ऑनलाइन सिस्टम के तहत ओटीपी की शर्त कुछ समय के लिए हटा दिए जाने के कारण गैस वितरण में कोई बाधा नहीं आई।
उन्होंने बताया कि गैस रीफिल लेने के लिए उनका एक कैंटर पानीपत रिफाइनरी स्थित गैस संस्थान में भेजा गया है। वहां से जानकारी मिली है कि कैंटर में रिफिल लोड कर दिए गए हैं, जिससे आने वाले समय में सप्लाई और बेहतर होने की उम्मीद है।

