‘ट्रांसजेंडर बिल रद्द नहीं हुआ तो 6 अप्रैल को होगा प्रदर्शन’
हिसार में राष्ट्रीय अधिवेशन में दी चेतावनी
अगर ट्रांसजेंडर बिल रद्द नहीं हुआ तो जंतर-मंतर पर 6 अप्रैल को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद वह सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे और याचिका लगाएंगे और जरूरत पड़ी तो रामलीला मैदान में आमरण अनशन करेंगे। यह बात दिल्ली पहाड़ी धीरज की गद्दीनशीन चांदनी किन्नर ने अग्रसेन भवन में जारी किन्नर समाज के राष्ट्रीय अधिवेशन में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही। उनके साथ हिसार से किन्नर राज हसीना और शोभा नेहरू भी मौजूद थीं। चांदनी किन्नर ने बिल में प्रस्तावित मेडिकल जांच की अनिवार्यता को अपमानजनक बताया। उन्होंने तर्क दिया कि जिस देश में स्त्री या पुरुष होने के लिए किसी डॉक्टरी प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं पड़ती, वहां किन्नर समाज को अपनी पहचान साबित करने के लिए मेडिकल सर्टिफिकेट की जंजीरों में क्यों जकड़ा जा रहा है। उन्होंने पूरे किन्नर समाज की तरफ से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगे हाथ जोड़ते हुए गुहार लगाई कि केंद्र सरकार के नए ट्रांसजेंडर बिल को वापस लें।
