जींद में जमीन मिली तो मिलिट्री ट्रेनिंग के लिए खोलेंगे सीडीएस : मिड्ढा
सीएम की रैली 5 को, तैयारियों को लेकर किया गांवों का दौरा
विधानसभा डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा ने कहा कि अभी तक किसी भी पूर्व सरकार ने किसी भी गांव में विकास कार्यों के लिए इतना पैसा नहीं दिया है, जितना वर्तमान सरकार ने दिया है और इसे निरन्तर जारी रखे हुए है। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचल का सर्वांगीण विकास किया जा रहा है, जिसका लाभ प्रत्येक वर्ग को मिल रहा है।
डॉ. मिड्ढा शुक्रवार को जींद के पिंडारा, निर्जन, मनोहरपुर, लोहचब, मांडो आदि गांवों के दौरे में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस दौरे में उन्होंने लोगों को जींद में 5 अप्रैल को सीएम नायब सैनी की रैली में आने का न्यौता दिया।
डिप्टी स्पीकर ने कहा कि जींद विधानसभा क्षेत्र के 10 से 12 गांवों के कलस्टर पर मिलिट्री की ट्रेनिंग देने के लिए सीडीएस खोला जाएगा, जिसमें गांव के होनहार विद्यार्थियों को लेफ्टिनेंट तक की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके लिए गांव को 10 से 12 एकड़ भूमि देनी होगी। भूमि देने की शर्त पर इसकी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के गांवों में भी 5 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाने की शर्त पर गांवों में सोलर प्लांट भी लगाया जाएगा, जिससे गांव को बिजली बिल की समस्या से निजात मिलेगी। इससे बिजली का बिल नाम मात्र आएगा।
डॉ. मिड्ढा ने कहा कि मुख्यमंत्री इस दिन क्षेत्रवासियों को करोड़ों रुपये की विकासा परियोजनाओं की सौगात देंगे। डिप्टी स्पीकर ने गांव पिंडारा में 20 लाख रुपए की लागत से तैयार चार गलियों का उद्घाटन किया। गांव निर्जन में लगभग 4 करोड़ 51 लाख रुपए के विकास कार्य हो चुके हैं तथा लगभग 3 करोड़ के विकास कार्य बाकी हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए धन की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। इसके अलावा भी विधानसभा क्षेत्र की अन्य मांगों को पूरा किया जाएगा। डिप्टी स्पीकर ने कहा कि जींद से सफीदों जाने वाली सड़क का सुधारीकरण किया जा रहा है। इस अवसर पर मार्केट कमेटी चेयरमैन मनीष उर्फ बबलू गोयल, निर्जन के सरपंच आजाद सिंह, कुलदीप सिंह सिहाग, शमशेर सिंह बरसोला सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

