बहादुरगढ़ के गांव खरहर के शिव मंदिर में मूर्ति स्थापना समारोह, भंडारे में उमड़े श्रद्धालु
समाजसेवी भूपेंद्र कप्तान राठी ने पिता के संकल्प को किया पूरा, मंदिर का निर्माण कार्य कराया पूर्ण
बहादुरगढ़ के गांव खरहर की चौपाल के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की स्थापना की गई। इससे पहले गांव में भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें महिलाओं और ग्रामीणों ने श्रद्धा व उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान पूरा गांव भगवान शिव के जयकारों से गूंज उठा।
बताया गया कि मंदिर की स्थापना गांव के दिवंगत पूर्वजों ने की थी। अपने पिता के संकल्प और पुरखों की धरोहर को संजोने के उद्देश्य से दिल्ली से गांव पहुंचे समाजसेवी भूपेंद्र कप्तान राठी ने मंदिर के अधूरे निर्माण कार्य को पूरा कराया और मंदिर परिसर में विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाओं की स्थापना करवाई।
भूपेंद्र कप्तान राठी ने कहा कि गांव की मिट्टी और पुरखों की विरासत से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहेगा। उन्होंने कहा कि ग्रामवासियों के आदरणीय ‘दादा ग्यानी’ को समर्पित इस धाम के विकास कार्य को आगे बढ़ाकर उन्होंने अपने पिता के सपने को पूरा करने का प्रयास किया है।
समारोह में दिल्ली नगर निगम से जुड़े दीपक डबास विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने मंदिर निर्माण और धार्मिक आयोजन के लिए भूपेंद्र राठी के प्रयासों की सराहना की।
प्रतिमा स्थापना के बाद राठी के फार्म हाउस पर विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें खरहर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया। राठी परिवार के सदस्य, ग्राम पंचायत प्रतिनिधि और क्षेत्र के गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

