सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण का 90 दिवसीय विशेष अभियान शनिवार को बीके अस्पताल में शुरू हो गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में एनआईटी विधायक सतीश फागना मुख्यातिथि थे। उनके साथ मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ़ जयंत आहूजा और टीकाकरण अधिकारी डॉ़ रचना भी मौजूद रही। विधायक सतीश फागना ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में बालिकाओं के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। इस राष्ट्रीय पहल का उद्देश्य सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी की रोकथाम करना है, जो एचपीवी संक्रमण के कारण विकसित हो सकती है। समय रहते लगाया गया यह टीका भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करने में सहायक सिद्ध होता है। यह अभियान विशेष रूप से किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए शुरू किया गया है। निर्धारित आयु वर्ग की बालिकाओं को नि:शुल्क वैक्सीन उपलब्ध कराई जा रही है। यह टीका उपचार के लिए नहीं, बल्कि प्राथमिक रोकथाम (प्राइमरी प्रिवेंशन) के लिए है, क्योंकि प्रिवेंशन इज बेटर दैन क्योर के सिद्धांत के अनुसार बीमारी की रोकथाम पर होने वाला खर्च, उपचार की तुलना में बहुत कम होता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ़ जयंत आहूजा ने बताया कि अभियान के तहत 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी तथा 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाओं को नि:शुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जा रही है। टीकाकरण प्रक्रिया पूरी तरह डिजिटल और पारदर्शी है। बालिका को अपने माता-पिता अथवा अभिभावक के साथ केंद्र पर उपस्थित होना होगा। आधार कार्ड, जन्म प्रमाण पत्र अथवा स्कूल प्रमाण पत्र के माध्यम से आयु सत्यापन किया जाएगा। पोर्टल पर पंजीकरण किया जाएगा, जिसमें अभिभावक के मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजा जाएगा।
Advertisement
फरीदाबाद में शनिवार को बीके सिविल अस्पताल में टीकारण अभियान का शुभारंभ करते विधायक सतीश फागना। साथ हैं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ़ जयंत आहूजा व अन्य। -हप्र
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement
×

