नारनौल में रंगों और उमंगों के पर्व होली के अवसर पर नारनौल में पुलिस अधीक्षक आवास पर होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक परिवार की तरह मिलकर रंगों और फूलों की होली खेली तथा आपसी प्रेम और सौहार्द का संदेश दिया।
समारोह में पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ की मौजूदगी में एसपी से लेकर थानेदार और जवानों तक सभी ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। फूलों की होली और होली गीतों पर नृत्य के बीच पूरा परिसर उत्सव के रंगों में रंगा नजर आया। पुलिसकर्मियों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा करवाकर त्योहार की खुशियां साझा कीं।
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक पूजा वशिष्ठ ने सभी पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों को होली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी आमजन के त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहते हैं। लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद पुलिसकर्मियों ने यह उत्सव मनाया है।
उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपने आप में एक बड़ा परिवार है और इस तरह के आयोजन आपसी भाईचारे और मनोबल को मजबूत करते हैं।

