पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट की जस्टिस अलका शरीन ने हिसार न्यायालय परिसर का दौरा किया और न्यायिक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। इस अवसर पर न्यायालय की कार्यप्रणाली, आधारभूत सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। हिसार बार की ओर से बार सचिव समीर भाटिया ने न्यायमूर्ति का स्वागत किया। बार के प्रधान संदीप बूरा ने बार की प्रमुख मांगें उनके समक्ष रखीं जिनमें मुख्य रूप से राज्य उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग हरियाणा, राष्ट्रीय कंपनी कानून न्यायाधिकरण (एनसीएलटी), ऋण वसूली न्यायाधिकरण (डीआरटी) और हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (आरईआरए) की रीजनल बेंच हिसार में स्थापित करने की मांग शामिल रही। इसके अतिरिक्त मल्टीलेवल पार्किंग प्रोजेक्ट को शीघ्र स्वीकृति, 85 नए अधिवक्ता चैंबरों को मंजूरी, बार रूम के विस्तार व अपडेट तथा पुलिस चौकी में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती संबंधी मांगें भी प्रमुख रूप से रखी गईं। न्यायमूर्ति अलका शरीन ने सकारात्मक विचार कर शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उपप्रधान विकास पूनियां, सह सचिव सुनील भारद्वाज, कोषाध्यक्ष सुनील सहदेव मौजूद थे।
हांसी और नारनौंद कोर्ट का निरीक्षण दौरा
हांसी/नारनौंद्र (निस) : हाईकोर्ट की न्यायाधीश अलका सरीन ने शुक्रवार को हांसी और नारनौंद कोर्ट का निरीक्षण दौरा किया। इस दौरान उनके साथ जिला एवं सत्र न्यायाधीश अलका मलिक तथा कई न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे। न्यायाधीश अलका सरीन ने कोर्ट प्रक्रिया, वकीलों के चैंबरों, पुस्तकालय, मालखाना सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने कोर्ट रूम में फाइलों का भी निरीक्षण किया। न्यायाधीश ने इस दौरान कोर्ट में दर्ज केसों के सिलसिले में आए लोगों से भी बातचीत की।
न्यायाधीश ने कोर्ट परिसर में भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की माता शशि देवी के नाम से बनाए गए लिटिगट हॉल तथा महिला वकीलों के लिए बनाए गए कॉमन हॉल का उद्घाटन किया।

