Rohatak News एशियन गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों ने बढ़ाया देश का गौरव : अरविंद शर्मा
प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माटी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया...
प्रदेश के सहकारिता मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ाने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की माटी के खिलाड़ियों ने एक बार फिर साबित कर दिया है कि हरियाणा देश की खेल शक्ति है। अंतर्राष्ट्रीय मंच पर तिरंगा सबसे ऊपर पहुंचाने वाले खिलाड़ियों की उपलब्धि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। अरविंद शर्मा ने कहा कि रोहतक की परवीन हुड्डा, हिसार के अंकुश पंघाल, चरखी दादरी के सुजीत कलकल और जींद की कीर्ति शर्मा ने स्वर्ण पदक जीतकर हरियाणा का नाम रोशन किया है। मुक्केबाजी के रिंग से लेकर कुश्ती के अखाड़े और तीरंदाजी के मैदान तक हरियाणा के खिलाड़ियों की स्वर्णिम चमक दिखाई दी है। उन्होंने कहा कि निशानेबाजी में भी खिलाड़ियों ने देश का मान बढ़ाया। रेवाड़ी के कमलजीत और झज्जर की सुरुचि ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम स्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक सुविधाएं, प्रशिक्षण और प्रोत्साहन देने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार पदक विजेता खिलाड़ियों को सम्मान और प्रोत्साहन देने के साथ नयी पीढ़ी को खेलों से जोड़ने पर विशेष जोर दे रही है।

