Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
search-icon-img
Advertisement

सभी नहरों की रीमॉडलिंग कर रही हरियाणा सरकार : श्रुति चौधरी

तोशाम में ‘उन्नत सिंचाई उत्सव’

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
तोशाम में आयोजित कार्यक्रम में मंचासीन मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी व अन्य। - हप्र
Advertisement

हरियाणा की सिंचाई मंत्री श्रुति चौधरी ने मंगलवार को जिला भिवानी के तोशाम में आयोजित ‘उन्नत सिंचाई उत्सव 2026’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि 21 वर्ष पहले उनके पिता चौधरी सुरेंद्र सिंह ने सबसे पहले भूमि रिकॉर्ड को कम्प्यूटरीकृत करने का कार्य किया। चौधरी बंसीलाल ने इस इलाके में लिफ्ट इरिगेशन और ड्रिप इरिगेशन की शुरुआत कर किसानों को बड़ा लाभ देने का काम किया। उन्होंने कहा कि इस इलाके के लोगों ने अपनी मेहनत के बल पर बंजर भूमि को उपजाऊ बनाया। उन्होंने किसानों से आग्रह किया कि खेती में नयी तकनीकों का इस्तेमाल करें। इससे धन और समय दोनों की बचत होगी, फसल उत्पादन अच्छा होगा।

श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सभी नहरों की रीमॉडलिंग का कार्य बड़े पैमाने पर कर रही है, इस पर लगभग 5700 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसके साथ-साथ घग्गर ड्रेन की क्षमता बढ़ाने के लिए 450 करोड़ रुपये की लागत से जीर्णोद्धार किया जा रहा है। इस मौके पर उन्होंने तोशाम हलके के विकास के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के सम्मुख मांग पत्र रखा, जिस पर मुख्यमंत्री ने सभी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।

Advertisement

सांसद धर्मबीर सिंह ने किया स्वागत

सांसद धर्मबीर सिंह ने मुख्यमंत्री नायब का तोशाम में स्वागत करते हुए कहा कि आज पंडाल में महिलाओं की हाजिरी देखते हुए लगता है कि महिला बिल आने के बाद तो महिलाएं ही हर स्थान पर आगे रहेंगी। सांसद ने सीएम नायब सिंह सैनी को किसान का पुत्र बताते हुए कहा कि उनका फोकस कृषि व किसानों पर है। सांसद ने भारत माला योजना के तहत हिसार-तोशाम-रेवाड़ी फोरलेन सड़क निर्माण सहित विभिन्न मांगें भी मुख्यमंत्री के सामने रखीं।

Advertisement

मुख्यमंत्री नायब ने दी बड़ी सौगातें

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए करीब 107 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं का उद्देश्य बिजली आपूर्ति को सुदृढ़ करना, शिक्षा सुविधाओं का विस्तार करना और ग्रामीण आधारभूत संरचना को मजबूत बनाना है।

पूरे हरियाणा में छाप छोड़ रहे हैं सीएम : किरण चौधरी

राज्यसभा सांसद किरण चौधरी ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का अभिनंदन करते हुए कहा कि वह पूरे हरियाणा में छाप छोड़ रहे हैं, हर इलाके में चहुंमुखी विकास कर रहे हैं। उन्होंने कहा, चौधरी बंसीलाल कहा करते थे कि मैं एमएलए तो तोशाम का हूं, लेकिन मुख्यमंत्री पूरे हरियाणा का हूं। नायब सिंह सैनी भी इसी राह पर चल रहे हैं। किरण ने कहा कि एक समय इस इलाके के लोग पानी छान कर पीया करते थे। इलाके का सौभाग्य था कि चौ. बंसीलाल के रूप में ऐसे मुख्यमंत्री बने, जिन्होंने बिजली-सड़कों एवं नहरों का जाल बिछाया। उन्होंने 160 फीट ऊंचाई पर पानी पहुंचाने का अनूठा काम किया।

Advertisement
×