अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव और हरियाणा कांग्रेस के सह प्रभारी जितेंद्र बघेल ने कहा कि हरियाणा कांग्रेस की प्रदेश कार्यकारिणी का गठन ब्लाक प्रधानों की नियुक्ति के बाद किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन को नीचे से ऊपर की ओर मजबूत किया जाएगा। पहले ब्लाक स्तर की कार्यकारिणियां गठित होंगी, उसके बाद प्रदेश कार्यकारिणी और विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा।जितेंद्र बघेल ने कहा कि संगठन में उन्हीं कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जाएगी, जो जमीन पर सक्रिय हैं और कांग्रेस की नीतियों में विश्वास रखते हैं। उन्होंने दो टूक कहा कि संगठन में किसी की सिफारिश नहीं चलेगी और नियुक्तियां पूरी तरह कार्य और प्रतिबद्धता के आधार पर होंगी।सह प्रभारी जितेंद्र बघेल पूर्व सीपीएस राव दान सिंह के साथ चरखी दादरी के गांव ढाणी फोगाट में आयोजित ‘मनरेगा बचाओ अभियान’ के तहत ग्रामीण सभा को संबोधित कर रहे थे। इसके बाद उन्होंने कांग्रेस पार्टी कार्यालय में पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक दिशा निर्देश दिए।उन्होंने कहा कि मनरेगा को कमजोर करने की कोशिशों के खिलाफ कांग्रेस पार्टी गांव स्तर पर आंदोलन चला रही है और मनरेगा की बहाली के लिए आखिरी दम तक संघर्ष करेगी। इस मुद्दे को लेकर दिल्ली में कांग्रेस पार्टी द्वारा शीघ्र ही एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। ग्रामीण धरने को पूर्व सीपीएस रणसिंह मान, पूर्व विधायक सोमवीर सिंह, सुरेन्द्र परमार, राजू मान, रणधीर घिकाड़ा, रणबीर फौजी, डा. ओमप्रकाश, पिंटू पहलवान झोझू, सुमित शर्मा, मनीषा सांगवान, जयभगवान मांढी, रोहतास खटीक और कृष्ण चिड़िया सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।भाजपा सरकार पर हमला, सड़कों तक होगा विरोधजितेंद्र बघेल ने भाजपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा की नायब सरकार विकास कार्यों के बजाय लोगों को भ्रमित करने का काम कर रही है। कांग्रेस पार्टी विधानसभा से लेकर सड़कों तक सरकार की जनविरोधी नीतियों का विरोध जारी रखेगी।