जिला बनने से हांसी में आर्थिक विकास को मिलेगी रफ्तार : विनोद भ्याना
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक विनोद भ्याना ने हांसी को 23वां जिला घोषित किए जाने पर प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदन में कहा कि हांसी को...
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान विधायक विनोद भ्याना ने हांसी को 23वां जिला घोषित किए जाने पर प्रदेश सरकार, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी तथा पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सदन में कहा कि हांसी को जिला बनाया जाना क्षेत्र के लिए एक ऐतिहासिक और स्वर्णिम अध्याय है और क्षेत्र के लोगों वर्षों पुरानी मांग पूरी हुई है। विधायक विनोद भ्याना ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार जन भावनाओं को समझने वाली और आमजन की अपेक्षाओं पर खरी उतरने वाली सरकार है। हांसी जिला बनने से यहां न केवल प्रशासनिक सुविधाएं सुदृढ़ होंगी, बल्कि आम नागरिकों को भी सरकारी सेवाएं अपने क्षेत्र में ही उपलब्ध हो सकेंगी। उन्होंने कहा कि जिला बनने से हांसी में रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। जिला स्तर के कार्यालय खुलने से युवाओं को रोजगार मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति प्राप्त होगी। साथ ही व्यापार, उद्योग और शिक्षा के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे। विधायक ने कहा कि हांसी को जिला बनाए जाने से लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत होगा तथा कार्यों में पारदर्शिता और गति आएगी। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष रूप से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने हांसी की जनता की भावनाओं को समझते हुए यह ऐतिहासिक निर्णय लिया है।

