कैमरे में कैद हुआ गुरुग्राम का हिट एंड रन! महिला बाइकर को कार ने मारी टक्कर, FIR दर्ज
गोल्फ कोर्स रोड पर सिया की बाइक को कार से टक्कर मारने का आरोप; वीडियो के आधार पर पुलिस ने लिया स्वत: संज्ञान, कार नंबर से चालक की पहचान में जुटी
गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर महिला बाइक सवार को कथित तौर पर कार से टक्कर मारने के मामले में पुलिस ने स्वत: संज्ञान लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है कि युवती से संपर्क करने का प्रयास किया गया है, लेकिन अभी तक उसकी ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है।
पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो के आधार पर मामले का संज्ञान लिया गया है। पुलिस अब वीडियो और कार के नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान करने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी चालक की पहचान कर उसे पकड़ा जाएगा।
घटना में घायल हुई बाइक सवार युवती की पहचान सिया के रूप में हुई है। सड़क पर गिरने के कारण उन्हें चोटें आई हैं। सिया ने अपने इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर घटना की जानकारी साझा की और बाइक पर लगे कैमरे से रिकॉर्ड हुआ वीडियो भी पोस्ट किया।
यह भी पढ़ें: कौन हैं गुरुग्राम की बाइक राइडर सिया? वायरल रोड रेज वीडियो के बाद उठा सवाल- महिलाएं चेहरा क्यों ढकती हैं
राइड के दौरान पीछा करने का आरोप
सिया के मुताबिक, वह रविवार सुबह अपनी Aprilia RS 457 स्पोर्ट्स बाइक पर अपने बाइकिंग ग्रुप के साथ गोल्फ कोर्स रोड पर राइड कर रही थीं। उनका आरोप है कि राइड शुरू होने के बाद से ही एक कार में सवार लोग उनका पीछा कर रहे थे।
सिया ने बताया कि कार जब उनके करीब आई तो उसमें सवार लोगों ने कथित तौर पर बदतमीजी शुरू कर दी। उन्होंने कार सवारों से दूरी बनाए रखने के लिए कहा, लेकिन आरोप है कि उन्होंने सिया को बाइक रोकने का इशारा किया।
सिया का यह भी आरोप है कि कार में सवार लोग नशे में लग रहे थे। कुछ देर बाद कार ने कथित तौर पर ओवरटेक करते हुए उनकी बाइक को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से सिया सड़क पर गिर गईं और बाइक कुछ दूरी तक घिसटती चली गई।
बाइक कैमरे में रिकॉर्ड हुई घटना
पूरी घटना सिया की बाइक पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में कार के बाइक के करीब आने, टक्कर मारने और इसके बाद बाइक के सड़क पर घिसटने का दृश्य दिखाई देता है। आरोप है कि घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
सिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में कार की जानकारी भी साझा की है। उनके मुताबिक कार का नंबर HR30Y4949 है और आरसी मालिक का नाम मनीष बताया गया है। हालांकि, वाहन मालिक और कथित आरोपी चालक की भूमिका की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।
गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है। पुलिस कार के नंबर और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान और घटना की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है।

