Gurugram Police Accident : गश्त के दौरान पुलिस की ईआरवी पानी के टैंकर से टकराई, दो हेड कांस्टेबलों की मौत
फरुखनगर के पास देर रात हादसा, एक कांस्टेबल गंभीर; पुलिस ने शुरू की जांच
Gurugram Police Accident : गुरुग्राम के फरुखनगर क्षेत्र में सोमवार देर रात गश्त पर निकला आपातकालीन पुलिस वाहन (ईआरवी) पानी के एक टैंकर से टकरा गया। हादसे में दो हेड कांस्टेबलों की मौत हो गई, जबकि एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि पुलिस वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, ईआरवी-254 खेड़ा खुरमपुर गांव के पास गश्त पर थी। इसी दौरान उसका पानी के टैंकर से टकराव हो गया। हादसे में वाहन में सवार हेड कांस्टेबल छोटेलाल, हेड कांस्टेबल अनिल और कांस्टेबल धर्मेंद्र वाहन के भीतर फंस गए। आसपास के लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
घायल कांस्टेबल की हालत गंभीर
अस्पताल में चिकित्सकों ने हेड कांस्टेबल छोटेलाल और हेड कांस्टेबल अनिल को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल कांस्टेबल धर्मेंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद शहर के एक बड़े अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

