Gurugram Police Encounter: लूट की तैयारी कर रहे बदमाश से मुठभेड़, पैर में गोली लगने से घायल
Gurugram Police Encounter: गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे एक कुख्यात बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली...
Gurugram Police Encounter: गुरुग्राम पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने जा रहे एक कुख्यात बदमाश को पुलिस मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मध्यरात्रि को उप-निरीक्षक विनय, इंचार्ज अपराध शाखा सोहना, को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि एक कुख्यात अपराधी राशिद हथियारों सहित बिना नंबर की बाइक पर सवार होकर सोहना की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर उच्च अधिकारियों को अवगत कराते हुए रायपुर नाका, सोहना पर सुनियोजित नाकाबंदी की गई।
पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल
नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर की अपाचे बाइक पर सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया, लेकिन खुद को घिरा देखकर वह सोहना-अलवर रोड की ओर भाग निकला। पीछा करने के दौरान बाइक असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने भागते हुए पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से दो फायर किए।
पुलिस द्वारा चेतावनी देने के बावजूद आरोपी नहीं रुका, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। पुलिस की गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा और मौके पर ही काबू कर लिया गया।
आरोपी का आपराधिक इतिहास
पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम राशिद (30 वर्ष) निवासी गांव थलचाना, जिला डींग (राजस्थान) बताया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी के खिलाफ नूंह, फरीदाबाद और गुरुग्राम जिलों में चोरी और शस्त्र अधिनियम से जुड़े करीब 10 मामले दर्ज हैं।
घटनास्थल से हथियार व बाइक बरामद
पुलिस ने मौके से बिना नंबर की बाइक, पिस्टल व 4 खोखा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ पुलिस थाना शहर भौंडसी, गुरुग्राम में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। आरोपी फिलहाल उपचाराधीन है और अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर आगे की पूछताछ की जाएगी।

