Gurugram News : लिव इन पार्टनर को बंधक बनाकर पीटा, गंभीर रूप से घायल हुई युवती
जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी की छात्रा है पीड़िता
Gurugram News : पीजी में लिव इन पार्टनरशिप में रह रही युवती के साथ युवक द्वारा बंधक बनाकर मारपीट करने का आरोप लगा है। युवक ने इस घटना को इसलिए अंजाम दिया कि उसे युवती के चरित्र पर शक था। छात्रा की मां की सूचना पर पुलिस ने समय रहते मौके पर पहुंचकर युवती को रेस्क्यू किया।
थाना बादशाहपुर में फोन के माध्यम से एक महिला ने एक सूचना दी कि उसकी बालिग बेटी को उसके बॉयफ्रेंड ने गुरुग्राम में स्थित उसकी बेटी के पीजी में रखा हुआ है तथा प्रताड़ित कर रहा है। जिस पर पुलिस टीम बताए गए स्थान पर पहुंची जहां पर शिकायतकर्ता की लड़की मिली जिसके साथ उसके बॉयफ्रेंड ने मारपीट की हुई थी जिसको तुरंत इलाज के लिए सरकारी अस्पताल सैक्टर-10, गुरुग्राम में दाखिल किया गया। पीड़िता ने शिकायत के माध्यम से पुलिस टीम को बताया कि वह तथा आरोपी एक साथ में एक ही कमरे में रहते थे।
शिकायत के आधार पर थाना बादशाहपुर, गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत अभियोग अंकित किया गया। पुलिस ने 19 वर्षीय शिवम को गिरफ्तार कर लिया है। छात्रा की नाजुक हालत के चलते दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती करवाया गया है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने शुक्रवार को बताया कि युवती की हालत गंभीर है। मूलरूप से त्रिपुरा की रहने वाली युवती यहां सोहना रोड स्थित जीडी गोयनका यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की छात्रा है। गंभीर रूप से घायल युवती को दिल्ली स्थित एम्स में रेफर किया गया है।
पता चला है कि आरोपी शिवम से युवती की मुलाकात सितंबर 2025 में हुई थी। दोनों पिछले कुछ माह से ग्रेट पीजी में लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पुलिस की जांच में यह भी सामने आ रहा है कि युवक-युवती की शादी की बात परिवार में चल रही थी। बताया जा रहा है कि जिस रात को युवक ने इस घटना को अंजाम दिया, उस रात दोनों के बीच कुछ कहासुनी हुई थी।
युवक ने इस दौरान युवती के साथ काफी मारपीट की। डीसीपी साउथ हितेश यादव ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी को अपनी लिव इन पार्टनर युवती के चरित्र पर शक हो गया था। मौके से सीसीटीवी फुटेज भी लिए गए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।

