Gurugram Hit And Run Sia Biker : ‘अगर मैं गलत तरीके से चला रही थी तो मेरा पीछा क्यों किया?’ बाइक सवार सिया ने आरोपी चालक पर उठाए सवाल
हादसे के बाद भागने और बाद में मीडिया में सहानुभूति जताने के दावे पर शिवानी चौहान का पलटवार; कहा—टक्कर के बाद रुककर घायल की मदद करना चालक की जिम्मेदारी थी
Gurugram Hit And Run Sia Biker :गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर कथित हिट एंड रन मामले में बाइक सवार शिवानी चौहान उर्फ सिया ने आरोपी चालक के बयानों पर पलटवार किया है। चालक के यह कहने पर कि वह बार-बार बाइक की रफ्तार बढ़ा-घटा रही थी और वाहनों को ‘पिंच’ कर रही थी, सिया ने पूछा कि अगर उसका बाइक चलाने का तरीका गलत था तो चालक ने उसका पीछा क्यों किया और टक्कर के बाद मौके पर रुककर उसकी मदद क्यों नहीं की।
सिया ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किए वीडियो में आरोपी चालक के एक टीवी इंटरव्यू का ऑडियो क्लिप भी साझा किया। चालक ने इंटरव्यू में कहा था कि उसे यह पता नहीं था कि दोपहिया वाहन एक महिला चला रही थी।
‘अगर आपको लगा मैं गलत तरीके से चला रही थी तो पीछा क्यों किया?’
लेडी बाइकर सिया का नया वीडियो सामने आया। आरोपी कल्याण पर भड़कीं—
“ऐसे लोगों पर शर्म आती है।
टक्कर मारने के बाद कल्याण एक सेकेंड भी नहीं रुका कि मैं जिंदा हूं या मर गई।
अगर आपको मेरे लिए दुख हो रहा था, “टक्कर के बाद रुके क्यों नहीं?जान जा सकती थी मेरी। #Siya #Gurugram https://t.co/uzhq3v2rFW pic.twitter.com/oYAdqpQBt8
— Payall Singhh (@PayallSingh13) September 15, 2026
सिया ने चालक के दावे को खारिज करते हुए कहा, “अगर आपको लगा कि मैं बाइक की रफ्तार बढ़ा-घटा रही थी तो आपको आखिर किस अधिकार से मेरा पीछा करते हुए इतनी दूर तक आना था?” उन्होंने चालक के इस दावे पर भी सवाल उठाया कि उसे पता नहीं था कि बाइक महिला चला रही थी। सिया के मुताबिक, उनके लंबे बाल चोटी में बंधे थे और चालक उनके बराबर में आया था। उन्होंने कहा कि चालक ने इशारा कर उन्हें रुकने के लिए भी कहा था।
सिया ने हादसे से जुड़े वीडियो का हवाला देते हुए कहा कि फुटेज में वाहन को पहली लेन से तीसरी लेन की ओर जाते हुए देखा जा सकता है। उनके अनुसार, इसी दौरान कार ने उनकी बाइक को टक्कर मारी और चालक मौके से चला गया। उन्होंने कहा कि एक वीडियो में कार पहली लेन से सीधे तीसरी लेन की ओर आती दिखाई दे रही है। सिया के मुताबिक, फ्रंट कैमरे की फुटेज में भी कार को पहली लेन से तीसरी लेन की ओर जाते और उनकी बाइक से टकराते देखा जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि टक्कर के बाद वह कार से घिसटते हुए सड़क पर जा गिरीं। सिया ने सवाल किया कि हादसे के वीडियो सामने होने के बावजूद चालक इस तरह के दावे कैसे कर सकता है।
‘दुख था तो हादसे के समय क्यों नहीं रुके?’![]()
मीडिया इंटरव्यू में आरोपी चालक की ओर से जताए गए अफसोस पर भी सिया ने सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यदि चालक को वास्तव में उनके घायल होने का दुख था तो उसे हादसे के तुरंत बाद रुकना चाहिए था। सिया ने कहा, “अगर आपको मेरे लिए इतना दुख था तो उस समय क्यों नहीं रुके? अगर आपकी गाड़ी से मुझे टक्कर लगी थी तो आपकी जिम्मेदारी थी कि आप रुकते और देखते कि मैं घायल हूं या नहीं।”
उन्होंने कहा कि हादसा थोड़ा अलग तरीके से हुआ होता तो नतीजे बेहद गंभीर हो सकते थे। सिया के मुताबिक, उनकी हड्डियां टूट सकती थीं और उनकी मौके पर ही मौत हो सकती थी। उन्होंने आरोपी चालक के बाद के बयानों को “सहानुभूति पाने की कोशिश” बताया।
सिया ने इस घटना के जरिए दिल्ली-एनसीआर की सड़कों पर महिलाओं की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने लोगों से लापरवाही से वाहन चलाने वालों को जवाबदेह ठहराने की अपील की।
पुलिस ने लिया था स्वत: संज्ञान
गुरुग्राम पुलिस ने सोशल मीडिया पर हादसे का वीडियो सामने आने के बाद 14 सितंबर को स्वत: संज्ञान लिया था। पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल ने वीडियो को प्रसारित होते देखा था। इसके बाद सेक्टर-56 थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी।

