अमेरिका से डिपोर्ट गैंगस्टर अमन भैंसवाल दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार
अमेरिका से डिपोर्ट गैंगस्टर अमन भैंसवाल को एसटीएफ की टीम ने बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। अमन भैंसवाल लंबे समय से अमेरिका से हरियाणा में अपने गैंग को संचालित कर रहा था। एसटीएफ ने डेढ साल के...
अमेरिका से डिपोर्ट गैंगस्टर अमन भैंसवाल को एसटीएफ की टीम ने बुधवार को दिल्ली एयरपोर्ट से गिरफ्तार कर लिया। अमन भैंसवाल लंबे समय से अमेरिका से हरियाणा में अपने गैंग को संचालित कर रहा था। एसटीएफ ने डेढ साल के प्रयास के बाद डिपोर्ट कर लिया। वह अमेरिका में दो महीने से डिटेन किया हुआ था। एसटीएफ ने उसके खिलाफ रेड कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया था, जिसके बाद उसका डिपोर्टेशन संभव हो सका। आईजी एसटीएफ बी सतीश बालन ने जानकारी दी। एसटीएफ के अनुसार अमन भैंसवाल मूल रूप से सोनीपत के भैंसवाल कलां गांव का रहने वाला है। वह लंबे समय से मोस्ट वांटेड लिस्ट में शामिल रहा है और उस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी और डकैती समेत दिल्ली, हरियाणा व पंजाब में 10 अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। अमन भैंसवाल ने मातूराम हलवाई पर फायरिंग कर दो करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। रोहतक के सांपला में सीताराम हलवाई के यहां हुई फायरिंग की घटना में भी उसका हाथ होने के पुख्ता सबूत पुलिस को मिले थे।
गैंगस्टरों के ईकोसिस्टम को ध्वस्त करने की तैयारी-
दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट पर बुधवार को सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। जैसे ही विमान ने लैंड किया, एसटीएफ की एक विशेष टीम ने अमन को पहचान कर तुरंत अपनी गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के साथ ही अमन को गुरुग्राम स्थित एसटीएफ हेडक्वार्टर भोंडसी लाया गया। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान अमन से हिमांशु भाऊ गैंग के नेटवर्क, हथियारों की सप्लाई चेन और विदेशों में छिपे अन्य गैंगस्टरों के बारे में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकेंगे।
फर्जी पासपोर्ट से हुआ था फरार
आईजी बी सतीश बालन ने बताया कि आरोपी ने करीब दो साल पहले सोनीपत के मातूराम हलवाई पर फायरिंग की थी। इसके बाद जून 2024 में आरोपी दिल्ली से फर्जी पासपोर्ट बनवाकर फरार हो गया था। आरोपी ने पासपोर्ट में पिता का नाम बदलकर दिल्ली के पते पर पासपोर्ट बनवाया था। दिल्ली पुलिस के एक इंस्पेक्टर का नाम भी सामने आया था। अमन दुबई पहुंचा था लेकिन बाद में वह अमेरिका पहुंच गया।

