जींद में किशोरियों के लिए निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण शुरू
जींद (जुलाना) जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में शनिवार को 14 वर्ष की किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने की। इस अवसर...
जींद (जुलाना) जिला मुख्यालय स्थित नागरिक अस्पताल में शनिवार को 14 वर्ष की किशोरियों के लिए सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. सुमन कोहली ने की। इस अवसर पर पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया, डिप्टी एमएस डॉ. राजेश भोला सहित अन्य स्वास्थ्य अधिकारी उपस्थित रहे।
डॉ. सुमन कोहली ने कहा कि यह पहल केवल टीकाकरण कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को एक गंभीर और जानलेवा बीमारी से सुरक्षित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है, जबकि समय पर टीकाकरण से इससे काफी हद तक बचाव संभव है। किशोरावस्था में लगाया गया टीका अधिक प्रभावी माना जाता है।
पीएमओ डॉ. रघुवीर पूनिया ने बताया कि एचपीवी वायरस महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर का प्रमुख कारण है। 30 वर्ष की आयु के बाद इसका खतरा बढ़ जाता है, इसलिए समय रहते टीकाकरण जरूरी है।
डॉ. राजेश भोला ने बताया कि जिले में पात्र लाभार्थियों की पहचान कर टीकाकरण शुरू कर दिया गया है। फिलहाल एक हजार डोज उपलब्ध हैं और पहले दिन 50 से अधिक किशोरियों को टीका लगाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि 14 वर्ष की वे बालिकाएं, जिन्होंने अभी 15 वर्ष पूरे नहीं किए हैं, उनके लिए यह टीका पूरी तरह स्वैच्छिक और निःशुल्क है। स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी बेटियों को इस जीवन रक्षक टीके का लाभ दिलाएं।

