दोहरी रजिस्ट्री प्रकरण में पूर्व विधायक समेत पांच पर मामला दर्ज
आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद कोतवाली थाना पुलिस की कार्रवाई
फरीदाबाद के एनआईटी एक, एच ब्लॉक स्थित एक मकान की कथित रूप से दो बार रजिस्ट्री कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने पूर्व विधायक चंदर भाटिया, तत्कालीन तहसीलदार बड़खल सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। यह कार्रवाई आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद की गई है।
सेक्टर-16 निवासी अधिवक्ता रोहित अरोड़ा, जो वायु सेना में कार्यरत रह चुके हैं, ने पुलिस आयुक्त को दी शिकायत में आरोप लगाया कि जून 2024 में सतबीर भडाना और लोकेश कुमार ने मनोज सतीजा के माध्यम से उन्हें उक्त मकान दिखाया। काजल वर्मा को मकान मालिक बताते हुए 50 लाख रुपये में सौदा तय हुआ।
शिकायत के अनुसार, 6 जून 2024 को 10 लाख रुपये नकद और 5 लाख रुपये चेक के रूप में बयाना दिया गया। इसके बाद 13 जून 2024 को उनके नाम रजिस्ट्री कराई गई। रजिस्ट्री के समय 10 लाख रुपये नकद और 25 लाख रुपये चेक से भुगतान किया गया। अतिरिक्त 36 लाख रुपये दिए जाने का भी दावा किया गया है।
आरोप है कि इसके बावजूद 20 नवंबर 2024 को उसी मकान की दूसरी रजिस्ट्री सोनम तलवार के नाम करा दी गई। मामले में काजल वर्मा, लोकेश कुमार, सतबीर भडाना, तत्कालीन तहसीलदार बड़खल और पूर्व विधायक चंदर भाटिया को आरोपी बनाया गया है।
शिकायत में कहा गया है कि चंदर भाटिया ने कथित रूप से अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर संपत्ति पहचान संख्या में बदलाव कराया और रजिस्ट्री प्रक्रिया में भूमिका निभाई। एक ही संपत्ति की दो बार रजिस्ट्री होने से तहसीलदार की भूमिका भी संदेह के घेरे में है। आर्थिक अपराध शाखा की संस्तुति के आधार पर कोतवाली थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

