ग्रीन पैशन फार्म को फ्लोरीकल्चर एक्सीलेंस अवॉर्ड
माइनस 50 से प्लस 50 डिग्री सेल्सियस तापमान में भी खिले लिलियम फूल
विभिन्न तापमान और हालात में फूलों की खेती के लिए नयी तकनीक विकसित करने के लिए ग्रीन पैशन फार्म को ‘फ्लोरीकल्चर एक्सीलेंस अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। 2 अक्तूबर को बेंगलुरु में आयोजित समारोह में कंपनी के सीईओ हरि शंकर बाहेती ने यह सम्मान प्राप्त किया। कार्यक्रम का आयोजन फ्लोरीकल्चर बोर्ड ऑफ कर्नाटक और फ्लोरेंस एंड फ्लोरा बेंगलुरु के ग्रुप ने एग्रीकॉन एग्जिबिशन ग्रुप के सहयोग से किया गया। प्रदर्शनी का उद्घाटन कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने किया।
समारोह में कर्नाटक हॉर्टिकल्चर बोर्ड के निदेशक सहित देशभर के प्रमुख फ्लोरीकल्चर विशेषज्ञ और कंसल्टेंट मौजूद रहे। इनमें भारत सरकार के हॉर्टिकल्चर बोर्ड के सेवानिवृत्त महानिदेशक स्तर के विशेषज्ञ भी शामिल थे। कंपनी के सीईओ हरि शंकर बाहेती ने बताया कि ग्रीन पैशन एक ही किस्म के लिलियम फूलों का उत्पादन लाहौल-स्पीति में माइनस 50 डिग्री सेल्सियस तक और हरियाणा में 50 डिग्री सेल्सियस तक के तापमान में कर रही है। 100 डिग्री सेल्सियस के तापमान अंतर के बावजूद फूलों की वैरायटी और गुणवत्ता को समान बनाए रखना बड़ी तकनीकी चुनौती है। कंपनी की इसी उपलब्धि को देश के प्रमुख कृषि-प्रदर्शनी मंच पर पहचान मिली है।
ग्रीन पैशन ने बहादुरगढ़ में महज एक एकड़ पॉलीहाउस से फ्लोरीकल्चर का सफर शुरू किया था। वर्तमान में कंपनी बहादुरगढ़ के अलावा हरिद्वार, शिमला, देहरादून, नैनीताल और लाहौल-स्पीति में करीब 35 एकड़ पॉलीहाउस व नेट हाउस तथा 10 एकड़ खुले क्षेत्र में फूलों और अन्य फसलों का उत्पादन कर रही है।
लिलियम से जरबेरा तक कई फूलों का उत्पादन
कंपनी ओरिएंटल लिलियम, एशियाटिक लिलियम, जरबेरा, जिप्सोफिला, करकूमा, लिमोनियम, एस्टोमा और सनफ्लावर सहित विभिन्न फूलों का उत्पादन करती है। इनके लिए पौध सामग्री नीदरलैंड्स और जापान से फ्लोरेंस ग्रुप के थ्रू मंगाई जाती है। इसके अलावा खीरा, काली हल्दी और काले गेहूं जैसी फसलों का भी उत्पादन किया जा रहा है। काली हल्दी का इस्तेमाल आयुर्वेदिक दवाओं के निर्माण में किया जाता है।
पीएमओ और राष्ट्रपति भवन तक पहुंचते हैं फूल
बाहेती ने बताया कि कंपनी के विभिन्न फार्मों के माध्यम से 300 से अधिक श्रमिकों को रोजगार मिल रहा है। कंपनी के फूल और अन्य फसलें गाजीपुर मंडी सहित विभिन्न मंडियों में बिक्री के लिए भेजी जाती हैं। उच्च गुणवत्ता के कारण कंपनी के फूल प्रधानमंत्री कार्यालय, संसद और राष्ट्रपति भवन तक भी भेजे जाते हैं।

