Nuh Gangrape Case: सामूहिक दुष्कर्म और आत्महत्या मामले में पहली गिरफ्तारी, 28 दिन बाद दो महिलाएं जम्मू-कश्मीर से दबोची गईं
Nuh Gangrape Case: मुख्य और सह-आरोपी की पत्नियां गिरफ्तार; पुलिस ने कहा- मामले में शामिल किसी भी आरोपी को नहीं बख्शा जाएगा, मुख्य आरोपियों की तलाश जारी
Nuh Gangrape Case: नूंह जिले के थाना बिछोर क्षेत्र में दर्ज चर्चित सामूहिक दुष्कर्म एवं आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। मामले में करीब 28 दिन बाद पहली गिरफ्तारी करते हुए पुलिस ने दो महिला आरोपियों को जम्मू-कश्मीर से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार महिलाओं में एक मुख्य आरोपी की पत्नी तथा दूसरी सह-आरोपी की पत्नी बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार थाना बिछोर में 20 मई को भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी सरजिना पत्नी अरशद निवासी गांव इन्दाना थाना बीछोर तथा नाजिया खातून पत्नी इकबाल निवासी शकरपुर रोड, बनवाल कस्बा नौगामा, जिला नौगांव जम्मू-कश्मीर को नियमानुसार गिरफ्तार किया है।
पुलिस की प्रेस वार्ता में बताया कि दोनों महिला आरोपियों को जम्मू-कश्मीर के एक स्थान से गिरफ्तार कर नूंह लाया गया है। फिलहाल उनसे मामले में उनकी भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
उल्लेखनीय है कि थाना बिछोर क्षेत्र में दर्ज इस चर्चित मामले में पीड़ित पक्ष की शिकायत पर सामूहिक दुष्कर्म, ब्लैकमेलिंग तथा अन्य गंभीर आरोपों के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस द्वारा लगातार जांच की जा रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी हैं। हालांकि अभी भी इस मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी बकाया है पुलिस के अनुसार जल्द इन आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा तथा जांच के दौरान सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई की जाएगी। बता दे कि इस सामूहिक दुष्कर्म मामले के बाद विभिन्न राजनीतिक दलों के पदाधिकारी और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने जल्द से जल्द आरोपियों के गिरफ्तारी की मांग को लेकर जुलूस भी निकल चुके हैं।
पूर्व में मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भी सौपे जा चुका है। कुल मिलाकर मेवात के चर्चित सामूहिक दुष्कर्म और युवती की आत्महत्या मामले में पुलिस को पहली सफलता मिल गई है।

