जलभराव से प्रभावित रबी फसलों का किसानों को मिलेगा मुआवजा : विधायक सुनील सांगवान
दादरी विधायक सुनील सांगवान ने विधानसभा में उठाया मुद्दा, जनस्वास्थ्य मंत्री ने दिया आश्वासन
चरखी दादरी में दिल्ली रोड स्थित सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से ओवरफ्लो होकर खेतों में सैंकड़ों एकड़ जलभराव से प्रभावित रबी फसलों का सरकार द्वारा किसानों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। इस मामले में जन स्वास्थ्य मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने विधायक सुनील सांगवान द्वारा विधानसभा में उठाए मुद्दे पर जवाब देते हुए जवाब दिया। कहा कि फसलों की बिजाई न होने व अन्य कारणों से फसलों का खराबा हुआ है, इसकी जांच करवाकर मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
विधायक सुनील सांगवान ने विधानसभा के बजट सत्र में मुद्दा उठाया कि समसपुर सीवरेज ट्रिटमेंट का पानी ओवरफ्लो व बारिश के पानी के कारण सैंकड़ों एकड़ फसलों में बिजाई नहीं हो पाई है। जिसके कारण किसानों को काफी नुकसान हुआ है। जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा ने विधायक के सवाल पर जवाब दिया कि 2025 में बारिश और जलभराव के कारण फसलों को हुए नुकसान के लिए चरखी दादरी जिले के किसानों के लिए विशेष रूप से मंजूर की गई है। खरीफ फसलों के लिए दादरी ढाणी फोगाट और कुछ अन्य गांवों की 879 एकड़ भूमि जलभराव से प्रभावित हुई थी, जिसके लिए 87.47 लाख रुपये का मुआवजा दिया जा चुका है।
विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि संबंधित मंत्री द्वारा आश्वासन दिया कि सैकड़ों एकड़ रबी की फसलें जो बिजाई से वंचित हैं, उनकी जांच करवाकर मुआवजा प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। ताकि किसानों को उचित मुआवजा मिल सके और वे आगामी फसली सीजन की तैयारी कर सकें। क्षेत्र के किसानों ने भी इस निर्णय का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि सरकार का यह कदम उनके नुकसान की भरपाई में सहायक सिद्ध होगा और जलभराव जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान की दिशा में भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।

