विधायक घनश्याम सर्राफ और एसडीएम महेश कुमार ने शुक्रवार को नयी अनाज मंडी का दौरा किया और बाजरे की खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। विधायक ने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों के हितों के प्रति गंभीर हैं। उन्होंने कहा कि किसान खेतों में अपना पसीना बहाते हैं। वे हमारे लिए अन्नदाता हैं। किसानों की मेहनत बेकार नहीं जाने दी जाएगी। विधायक ने कहा कि सरकार द्वारा बाजरे पर 600 रुपये प्रति क्विंटल भावांतर भरपाई के तहत दिया जाएगा। किसानों को किसी प्रकार की चिंता करने की जरूरत नहीं है। उनकी चिंता सरकार को है।
दूसरी ओर विधायक ने कहा कि फसल खरीद के दौरान मंडियों में बिजली, पानी और स्वच्छता के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने मार्केट कमेटी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडी में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रहे। वहीं, पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था हो।
एसडीएम महेश कुमार ने बताया कि फसल खरीद की निरंतर निगरानी की जा रही है। इसके लिए डीसी साहिल गुप्ता द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए जा चुके हैं। इस मौके पर मार्केट कमेटी सचिव संदीप लोहान, नगर परिषद चेयरपर्सन प्रतिनिधि भवानी प्रताप और आढ़ती मौजूद रहे।

