सोनीपत में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर जुटे किसान
मंडियों में लागू किए गए नये नियमों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को किसानों ने गांव रतनगढ़ में सोनीपत-गोहाना हाईवे को चार घंटे तक जाम रखा। किसान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक...
मंडियों में लागू किए गए नये नियमों के विरोध में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर शनिवार को किसानों ने गांव रतनगढ़ में सोनीपत-गोहाना हाईवे को चार घंटे तक जाम रखा। किसान सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक सड़क पर डटे रहे, जिससे यातायात प्रभावित रहा।
धरने पर बैठे किसानों ने आरोप लगाया कि सरकार धान घोटाले में प्रशासन और मिलरों की मिलीभगत से हुई लूट को रोकने में पूरी तरह नाकाम रही है और अब उसका ठीकरा किसानों के सिर फोड़ा जा रहा है। किसानों ने कहा कि मंडियों में ऐसे नियम लागू किए जा रहे हैं, जिनसे अन्नदाता को अपराधियों जैसा व्यवहार झेलना पड़ रहा है। बिना अंगूठा लगाए और ट्रैक्टर की नंबर प्लेट के बिना मंडी में प्रवेश नहीं दिया जा रहा, जिसके लिए पुलिस की तैनाती कर सख्ती करवाई जा रही है।
प्रदर्शनकारियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसा लगता है जैसे किसान गेहूं लेकर नहीं, बल्कि कोई अवैध सामान लेकर आ रहा हो। उन्होंने आरोप लगाया कि मंडियों में किसानों के साथ चोर-लुटेरों जैसा व्यवहार किया जा रहा है, जो पूरी तरह अस्वीकार्य है।
किसानों ने प्रदेश में बढ़ते अपराध, नशे और भ्रष्टाचार के मुद्दे भी उठाए। उनका कहना था कि सरकार इन गंभीर समस्याओं को रोकने में विफल रही है, जबकि किसानों पर अनावश्यक नियम थोपे जा रहे हैं। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि इन नियमों को वापस नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरने के दौरान राजेंद्र कोहला, ईश्वर दहिया, दलबीर मदीना, राजेंद्र सरोहा, सतपाल मलिक, मंजीत और शेर सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस प्रदर्शन में ऑल इंडिया किसान खेत मजदूर संगठन, किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) और किसानी प्रतिष्ठा मंच सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
पुलिस बल ने डायवर्ट किया ट्रैफिक
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया। किसान शांतिपूर्ण तरीके से सडक़ पर बैठे रहे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपनी मांगों को प्रमुखता से उठाया। वहीं, किसानों के धरने के कारण एक लेन बंद रही तो पुलिस ने दूसरी लेन से वाहनों का आवागमन करवाया गया।

