साइबर ठगी के मामलों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। ठगों ने अलग-अलग तरीके से किसान और प्रॉपर्टी डीलर को निशाना बनाकर कुल 72 लाख रुपये से अधिक की ठगी कर ली। दोनों पीडि़तों की शिकायत पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने प्राथमिकियां दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव गढ़ मिरकपुर निवासी चांद ने प्राथमिकी दर्ज कराई और बताया कि वह किसान और एक दिन उसके मोबाइल पर सोशल मीडिया के जरिए हरमन संधू नाम से एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई। बातचीत के दौरान उसने खुद को ऑनलाइन ट्रेडिंग एक्सपर्ट बताते हुए ज्यादा मुनाफा कमाने का लालच दिया। शुरुआत में 20 हजार रुपये निवेश करवाकर 22,695 रुपये का मुनाफा दिखाया गया, जिससे भरोसा बन गया। इसके बाद अलग-अलग बैंक खातों में लगातार रकम डलवाई गई। बाद में 19 ट्रांजेक्शन के जरिए 70 रुपये ठग लिए गये। जब पीडि़त ने पैसे निकालने की कोशिश की तो कोई भुगतान नहीं हुआ और आरोपी संपर्क से बाहर हो गए।
एपीके फाइल से फोन हैक, प्रॉपटी डीलर से ढाई लाख हड़पे
दिल्ली रोड निवासी प्रॉपर्टी डीलर कर्ण शर्मा ने बताया कि उनके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए क्रेडिट कार्ड अपडेट के नाम से एपीके फाइल आई थी। फाइल को खोलते समय उनका मोबाइल हैक हो गया। इसके बाद ठगों ने कॉल फॉरवर्डिंग कर मोबाइल का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया और आईसीआईसीआई बैंक के क्रेडिट कार्ड से 2,67,960 रुपये निकाल लिये।

