India Tech Expo 2026 एआईएफओएम द्वारा आयोजित भारत टेक एक्सपो 2026 का दूसरा दिन उद्योग जगत के लिए उत्साह और नवाचार का प्रतीक बनकर उभरा। प्रदर्शनी स्थल पर दो हजार से अधिक आगंतुकों की उपस्थिति ने इस आयोजन को एक बड़े औद्योगिक उत्सव में बदल दिया।
दिनभर चलने वाले कार्यक्रमों में औद्योगिक एवं श्रम कानूनों पर आयोजित उच्च स्तरीय सेमिनार ने उद्योगपतियों और उद्यमियों को कानूनी एवं प्रशासनिक पहलुओं की महत्वपूर्ण जानकारी दी। इसमें क्षेत्रीय भविष्य निधि अधिकारी नीलेश कुमार, ईएसआईसी निदेशक विवेकानंद, उप श्रम आयुक्त अजयपाल डूडी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
पावर ग्रिड के वेंडर डेवलेपमेंट प्रोग्राम ने एमएसएमई उद्यमियों को सरकारी योजनाओं और नए व्यावसायिक अवसरों से रूबरू कराया। वहीं, देश के प्रसिद्ध मोटिवेशनल स्पीकर मुकेश कपूर के प्रेरक सत्र ने हॉल में उपस्थित सभी को ऊर्जा और सकारात्मक सोच से भर दिया।
एआईएफओएम नेशनल अवार्ड 2025-26 के तहत 25 उत्कृष्ट उद्यमियों को उनके नवाचार और समर्पण के लिए सम्मानित किया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. एन.सी. वाधवा ने कहा कि इस तरह के आयोजन देश की औद्योगिक प्रगति में अहम योगदान देते हैं।
संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम सुंदर कपूर ने घोषणा की कि अगले वर्ष एक्सपो और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव अनिल कुमार चौधरी ने बताया कि इस वर्ष 148 प्रदर्शकों ने भाग लिया और 3000 से अधिक व्यवसायिक आगंतुकों ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। दो दिनों के कार्यक्रम में आठ सेमिनार और 67 बी2बी मीटिंग्स आयोजित हुईं, जिससे व्यापारिक संभावनाओं को नई दिशा मिली।
कार्यक्रम में प्रमुख उद्योगपति और प्रतिनिधि जैसे हृदयानंद हृदया, अश्वनी कुमार और अन्य उपस्थित रहे। प्रदर्शकों और आगंतुकों ने एक्सपो को उपयोगी, प्रेरक और यादगार अनुभव बताया।

