नगर निगम फरीदाबाद द्वारा सेक्टर-12 स्थित टाउन पार्क में आयोजित भव्य फरीदाबाद फ्लावर फेस्टिवल में हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए नगर निगम की प्रथम नागरिक मेयर प्रवीण बतरा जोशी को बधाई दी और बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों का स्वागत किया।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि वसंत ऋतु रंगों, खुशियों और आनंद का प्रतीक है, इसलिए इसे ऋतुराज कहा जाता है। जब प्रकृति नई कोपलों और फूलों से खिल उठती है, तब फ्लावर फेस्टिवल जैसे आयोजन शहर में सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का संचार करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन शहर की सुंदरता और हरियाली को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शहर के विकास के साथ-साथ उसकी सौंदर्यात्मक पहचान भी उतनी ही आवश्यक है। आज तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण शहर कंक्रीट के जंगल में बदलते जा रहे हैं, इसलिए इनके बीच प्रकृति और हरियाली का संतुलन बनाए रखना जरूरी है।
सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान
विपुल गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में स्वच्छता, आधारभूत संरचना के विकास और सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण, सरकारी भवनों का पुनर्विकास और गांवों तक बेहतर सड़क संपर्क जैसे प्रयास देश की समग्र पहचान को मजबूत कर रहे हैं।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास पौधे और फूल लगाने की आदत विकसित करें। इससे न केवल पर्यावरण बेहतर होता है, बल्कि मानसिक शांति और सकारात्मकता भी मिलती है। व्यस्त जीवनशैली के बीच प्रकृति के साथ समय बिताना एक तरह का प्राकृतिक उपचार है।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं और समाज की भागीदारी से ही ऐसे प्रयास सफल हो सकते हैं।
उन्होंने कहा कि फरीदाबाद केवल विकसित होने से उत्कृष्ट नहीं बनेगा, बल्कि स्वच्छ, विकसित और सुंदर फरीदाबाद ही वास्तव में उत्कृष्ट फरीदाबाद बनेगा। इसी संकल्प के साथ उन्होंने नागरिकों से शहर को अधिक हरित, स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग देने का आह्वान किया।
इस अवसर पर एडिशनल कमिश्नर सलोनी शर्मा, एडिशनल कमिश्नर गौरव अंतिल, नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खडगटा, जॉइंट कमिश्नर असवीर सिंह, पार्षद मनोज नसावा, मुकेश अग्रवाल, पवन यादव, सचिन शर्मा, प्रियंका बिष्ट, जसवंत सैनी सहित विभिन्न सेक्टरों के गणमान्य व्यक्ति और रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

