Faridabad factory fire: फरीदाबाद में फैक्टरी में लगी आग में मालिक के बेटे सहित दो की मौत
Faridabad factory fire: फरीदाबाद के मुजेसर क्षेत्र में एक फैक्टरी में लगी आग में घायल दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, फैक्टरी मालिक विजय मोंगा के 37 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और संजय कालोनी निवासी 21...
Faridabad factory fire: फरीदाबाद के मुजेसर क्षेत्र में एक फैक्टरी में लगी आग में घायल दो लोगों की मौत हो गई है। पुलिस के अनुसार, फैक्टरी मालिक विजय मोंगा के 37 वर्षीय बेटे अभिषेक मोंगा और संजय कालोनी निवासी 21 वर्षीय फैक्टरी कर्मचारी प्रदीप कुमार करीब 50 प्रतिशत तक झुलस गए थे। दोनों ने दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में गुरुवार रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
ये दोनों उन 37 लोगों में शामिल थे, जो सोमवार को कलकाजी लुब्रिकेंट्स और शिव स्टील कंपनी की वर्कशॉप में लगी आग में घायल हुए थे। बताया गया कि एक चिंगारी रसायनों से भरे ड्रम पर गिरने से जोरदार विस्फोटों की श्रृंखला शुरू हो गई थी।
पुलिस के मुताबिक, अभिषेक अपने पिता को बचाने के लिए फैक्टरी के अंदर गए थे, तभी वे गंभीर रूप से झुलस गए। इस मामले में फैक्टरी मालिक विजय मोंगा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वह भी आग में घायल हुए हैं और दिल्ली के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।
जिला उपायुक्त के आदेश पर मामले की जांच के लिए बड़खल के उपमंडल मजिस्ट्रेट की अगुवाई में सात सदस्यीय टीम गठित की गई है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अन्य घायल अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं।
फायर ब्रिगेड के दो कर्मचारी रणवीर और भावीचंद भी गंभीर रूप से झुलसे हुए हैं। दोनों 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गए हैं और उनका इलाज सफदरजंग अस्पताल में जारी है।

