रोहतक, 15 मार्च (हप्र)। दादा लख्मी चंद स्टेट यूनिवर्सिटी ऑफ परफॉर्मिंग एंड विजुअल आर्ट्स (डीएलसी सुपवा) की शॉर्ट फिल्म ‘ए फ्लाइट ऑफ द लॉस्ट ड्रीमी बर्ड’ को मुंबई में आयोजित 13वें कट.इन स्टूडेंट्स फिल्म फेस्टिवल में स्पेशल ज्यूरी अवार्ड से नवाजा गया।
करीब 13 मिनट लंबी इस फिल्म का निर्देशन सुपवा के छात्र चमन रमेश कृष्ण ने किया है। फिल्म में बचपन, स्थान और भावनाओं से जुड़ी खोने की अनुभूति को संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत किया गया है। यह फिल्म ज्ञानपीठ पुरस्कार विजेता साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल की कहानी पर आधारित है।
फेस्टिवल टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (टीआईएसएस), चेंबूर के स्कूल ऑफ मीडिया एंड कल्चरल स्टडीज में आयोजित हुआ। अवार्ड जीतकर लौटे निर्देशक चमन रमेश कृष्ण और उनकी टीम ने कुलगुरु डॉ. अमित आर्य व रजिस्ट्रार डॉ. गुंजन मलिक मनोचा से मुलाकात की। कुलगुरु डॉ. आर्य ने इसे विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय बताया।
फिल्म की तकनीकी टीम में सिनेमेटोग्राफर सन्नी सोहल, साउंड प्रणव मंगला, एडिटर आशीष पटेल, कॉस्ट्यूम डिजाइनर अर्चित डबास व नैंसी नेगी, आर्ट विपिन कुमार, कलर सलिक वगास और प्रोडक्शन डिजाइनर सचिन हाडा शामिल रहे। फिल्म में कोमल, चंदन और चमन राजौरा ने अभिनय किया।

