नकली सीबीआई इंस्पेक्टर बनकर घूम रहा बर्खास्त पुलिसकर्मी गिरफ्तार
-भ्रष्टाचार के मामले में काट चुका है जेल
सोनीपत में नकली सीबीआई इंस्पेक्टर बनकर घूम रहे 60 वर्षीय पूर्व पुलिसकर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी रणधीर झज्जर के गांव सेज पहाड़ीपुर का रहने वाला है। वह भ्रष्टाचार के एक मामले में बर्खास्त हो चुका है। वहीं, इसी मामले में जेल भी काट चुका है।
सोनीपत के भठगांव में वह अपनी रिश्तेदारी में आया था। वह खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर लोगों पर रौब झाड़ रहा था। शक होने पर ग्रामीणों ने मामले की सूचना सदर थाना पुलिस को दी। फिलहाल थाना सदर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
भठगांव के ग्रामीणों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि एक व्यक्ति गांव में अपने आपको सीबीआई इंस्पेक्टर बताकर रौब झाड़ रहा है। लोगों को हाव-भाव से शक हुआ तो मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना के बाद सेक्टर-3 की सीआइए और थाना सदर की टीम गांव में पहुंची तो टीम के सामने भी उसने खुद को सीबीआई इंस्पेक्टर बताया। जब उसकी जांच की गई तो वह नकली निकला। उसने अपनी पहचान झज्जर के गांव सेज पहाड़ीपुर के रहने वाले रणधीर के रूप में दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से हो चुका बर्खास्त, जेल में भी रह चुका है नकली सीबीआई इंस्पेक्टर
जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले पुलिस विभाग में ही था। वर्ष 2002 में कैथल में एक भ्रष्टाचार के मामले में बर्खास्त हुआ था। इसी मामले में उसने जेल भी काटी। इसके बाद उसे बर्खास्त कर दिया गया था। रणधीर ने पुलिस को बताया कि वह वर्दी पहनकर लोगों पर रौब जमाता था। साथ ही बसों में किराया भी नहीं देना पड़ता। भठगांव में उसकी रिश्तेदारी है। वह बृहस्पतिवार को ही रिश्तेदारी में आया था। यहां आने से पहले ही उसने वर्दी भी खरीदी थी।
तीन दिन पहले थाना शहर के सामने से खरीदी वर्दी
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने तीन दिन पहले ही सोनीपत के थाना शहर के सामने से एक दुकान से पुलिस की वर्दी खरीदी थी। जिसके बाद वह बसों में भी सफर करता रहा। वहीं, भठगांव अपनी रिश्तेदारी में पहुंचा था। जहां लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। वर्दी बेचने वाले दुकानदार से भी पूछताछ की जाएगी।

