जननायक जनता पार्टी (जजपा) के युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा के समर्थन में खुलकर बयान दिया। उन्होंने कहा कि कलाकारों से कभी-कभी अनजाने में कुछ निकल जाता है, लेकिन इसे बेवजह बड़ा मुद्दा नहीं बनाना चाहिए। सरपंचों और समाज के जिम्मेदार लोगों को संयम बरतना चाहिए।
दिग्विजय चौटाला ने दादरी में पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि हरियाणवी कलाकार प्रदेश की संस्कृति और पहचान को आगे बढ़ा रहे हैं। कुछ लोग कलाकारों के साथ गलत व्यवहार कर रहे हैं, जो उचित नहीं है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि जैसे पंजाब की म्यूजिक इंडस्ट्री मजबूत हुई है, वैसे ही हरियाणवी सॉन्ग इंडस्ट्री को भी आगे बढ़ाने में सहयोग करें। राजनीतिक सवालों पर उन्होंने कहा कि जजपा ने भले ही 2024 का चुनाव नहीं जीता, लेकिन पार्टी पार्टटाइम पॉलिटिक्स नहीं कर रही। जजपा सड़कों पर उतरकर संघर्ष कर रही है और जनहित के मुद्दों पर लगातार आवाज उठा रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में भाजपा के विकल्प के तौर पर जजपा उभरेगी और सरकार बनाएगी।

