Manesar Digital Map: नगर निगम मानेसर क्षेत्र में हर प्रॉपर्टी का डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने का कार्य तेजी से जारी है। केंद्र सरकार के डिजिटल इंडिया लैंड रिकॉर्ड्स मॉडर्नाइजेशन प्रोग्राम के तहत चल रहे नक्शा प्रोजेक्ट में जमीन की सटीक पहचान और रिकॉर्ड तैयार करने का काम किया जा रहा है। इसको लेकर नगर निगम आयुक्त प्रदीप सिंह ने बृहस्पतिवार को समीक्षा बैठक कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।आयुक्त ने कहा कि निगम क्षेत्र की निजी, सरकारी और व्यावसायिक सभी प्रकार की भूमि का डिजिटल डेटा तैयार किया जा रहा है। सर्वे टीम गांवों, सेक्टरों और संस्थानों में जाकर भू-मालिकों से जमीन के दस्तावेज और स्वामित्व से संबंधित जानकारी एकत्र कर रही है। इस कार्य में जिला राजस्व विभाग का भी सहयोग लिया जा रहा है, ताकि रिकॉर्ड का मिलान सटीक तरीके से हो सके।सर्वे कार्य में आधुनिक तकनीकों जैसे ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है, जिससे जमीन का सटीक मापन और डिजिटल नक्शे तैयार किए जा रहे हैं। आयुक्त ने निर्देश दिए कि 27 अप्रैल तक सरकार द्वारा निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा किया जाए। इसके लिए राजस्व विभाग के पटवारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है, जो सर्वे टीम के साथ मिलकर कार्य कर रहे हैं।उन्होंने बताया कि इस परियोजना के पूरा होने से भूमि से जुड़े प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता आएगी। इससे संपत्ति विवादों में कमी आएगी और अवैध कब्जों पर भी रोक लगेगी। आयुक्त ने क्षेत्रवासियों से अपील की कि सर्वे टीम को पूरा सहयोग दें और जमीन, मकान या प्लॉट से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज समय पर उपलब्ध कराएं, ताकि यह महत्वपूर्ण कार्य निर्धारित समय सीमा में सफलतापूर्वक पूरा हो सके। बैठक में संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार, लोकेश यादव, डीटीपी राजेंद्र शर्मा, एसडीओ संजोग शर्मा, राजस्व विभाग के पटवारी सहित सर्वे टीम के कर्मचारी व अन्य लोग मौजूद रहे।