DHBVN WhatsApp Alert : बिजली का टूटा खंभा या लटकता तार दिखे? इस WhatsApp नंबर पर करें शिकायत
डीएचबीवीएन ने जारी की नई हेल्पलाइन, फोटो, वीडियो और गूगल लोकेशन भेजते ही शुरू होगी कार्रवाई
DHBVN WhatsApp Alert : सड़क किनारे टूटा बिजली का खंभा, लटकता तार या क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर अब अनदेखा न करें। ऐसे किसी भी संभावित बिजली खतरे की सूचना अब सीधे व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर दी जा सकती है। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) ने इसके लिए विशेष अभियान शुरू किया है। निगम का कहना है कि सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारियों को मौके पर भेजकर तत्काल कार्रवाई कराई जाएगी।
डीएचबीवीएन और यूएचबीवीएन के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह ने बताया कि नागरिक बिजली से जुड़े संभावित खतरे की फोटो, वीडियो, गूगल लोकेशन या नजदीकी लैंडमार्क के साथ जानकारी साझा कर सकते हैं। इससे टीम को मौके तक पहुंचने और समस्या का जल्द समाधान करने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और कर्मचारियों की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। समय पर मिली सूचना से कई संभावित हादसों को रोका जा सकता है।
हर फीडर और ट्रांसफार्मर की होगी नियमित जांच
विक्रम सिंह ने बताया कि डीएचबीवीएन में कार्यकारी अभियंता को सुरक्षा अधिकारी की जिम्मेदारी दी गई है। उपमंडल स्तर पर एसडीओ, कनिष्ठ अभियंता, फोरमैन, लाइनमैन और अन्य फील्ड स्टाफ नियमित रूप से अपने क्षेत्रों का सुरक्षा निरीक्षण करेंगे। प्रत्येक फीडर, ट्रांसफार्मर और अन्य विद्युत परिसंपत्तियों की समय-समय पर जांच होगी। जहां भी कोई कमी मिलेगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सभी संभावित खतरों का जीपीएस लोकेशन के साथ रिकॉर्ड भी तैयार किया जाएगा। इससे मरम्मत कार्य की निगरानी आसान होगी और भविष्य में भी ऐसे स्थानों पर विशेष ध्यान दिया जा सकेगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी जोखिम को लंबित न रखा जाए और उसका समयबद्ध समाधान किया जाए।
इन नंबरों पर भी दर्ज करा सकते हैं शिकायत
प्रबंध निदेशक ने बताया कि बिजली सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निगम की वेबसाइट पर सुरक्षा मैनुअल और सुरक्षा संबंधी वीडियो उपलब्ध कराए गए हैं। सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली से जुड़ा कोई भी खतरा दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत व्हाट्सएप नंबर 9050960500 पर दें। इसके अलावा उपभोक्ता अपनी शिकायतें टोल-फ्री नंबर 1912 और 1800-180-4334 पर भी दर्ज करा सकते हैं। उनका कहना है कि लोगों की सतर्कता और समय पर मिली सूचना से कई बड़े हादसों को टाला जा सकता है।
