Mahendragarh News : भिवानी-महेंद्रगढ़ के हर गांव को मिलेगी ट्रैक्टर-ट्राली : सांसद धर्मबीर
सांसद और विधायक कंवर सिंह यादव ने किया दर्जनों विकास कार्यों का उद्घाटन व शिलान्यास
Mahendragarh News : स्वच्छ भारत अभियान को ग्रामीण स्तर पर सशक्त बनाने और गांवों में शहरी तर्ज पर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से भिवानी-महेंद्रगढ़ के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने आज महेंद्रगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने घोषणा की कि देश की 543 लोकसभा सीटों में भिवानी-महेंद्रगढ़ देश का पहला ऐसा लोकसभा क्षेत्र बनने जा रहा है, जहां साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन के लिए हर गांव को सरकार की ओर से एक-एक ट्रैक्टर-ट्राली प्रदान की जाएगी।
सांसद ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की नरेंद्र मोदी और राज्य की नायब सिंह सैनी सरकार की जनहितैषी नीतियों से विकास का लाभ बिना भेदभाव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। विशिष्ट अतिथि विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि सड़कों के निर्माण से आवागमन सुगम होगा और जल संरक्षण के लिए वाटर बॉडी का निर्माण भूजल स्तर बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा।
विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण व शिलान्यास
सांसद ने डेरोली जाट में नंदरामदास वाटिका और नानगवास व सिहमा संपर्क मार्ग का उद्घाटन किया। खातीवास में डेरोली जाट व बेरी संपर्क सड़क, मंदिर के सामने टीन शेड और फिरनी का उद्घाटन किया गया, जबकि बाबा लटुरिया कबड्डी मैदान में टीन शेड का शिलान्यास हुआ। डालनवास में आधुनिक जलघर, पशु चिकित्सालय व वॉलीबॉल खेल मैदान लोकार्पित किए गए। वहीं, जड़वा गांव में पेयजल समस्या के समाधान के लिए जलघर, गऊ घाट, श्मशान घाट की चारदीवारी व रास्तों का उद्घाटन हुआ।
जल संरक्षण व बुनियादी ढांचे पर विशेष जोर
जेरपुर में पांचो वीर तालाब के सौंदर्यीकरण और सिंचाई तालाब की आधारशिला रखी गई तथा पाली से जेरपुर सड़क का उद्घाटन किया गया। डिगरोता में जल निकाय परियोजना, पिंक जिम हॉल व वॉकिंग ट्रैक का शिलान्यास और बाबा पुरुषोत्तम दास सभा स्थल व बीसी चौपाल का उद्घाटन किया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष यतेंद्र राव, जिला प्रमुख डॉ. राकेश कुमार, जिला पार्षद योगी बचनाई नाथ, ब्लॉक समिति चेयरमैन विजयलक्ष्मी, संदीप मालडा, डीडीपीओ प्रमोद कुमार, तहसीलदार अजय कुमार, बीडीपीओ मनोज कुमार समेत विभिन्न गांवों के सरपंच व अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
