जुलाना मंडी का डीसी ने किया निरीक्षण, खरीद व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश
जींद में उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने मंगलवार को जुलाना की नई अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक...
जींद में उपायुक्त मोहम्मद इमरान रजा ने मंगलवार को जुलाना की नई अनाज मंडी का दौरा कर गेहूं और सरसों की खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीसी ने मंडी में उपलब्ध सुविधाओं जैसे बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, फसल सत्यापन और बायोमेट्रिक प्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से चलती रहें।
डीसी ने बताया कि फसलों की खरीद भारतीय खाद्य निगम और हरियाणा वेयरहाउस कॉर्पोरेशन द्वारा की जा रही है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित नमी मानकों के अनुसार ही गेहूं मंडी में लाएं, ताकि खरीद और उठान प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
उन्होंने गेट पास प्रणाली और फसल की तौल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। साथ ही बताया कि किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली के अलावा अन्य साधनों से भी फसल मंडी में ला सकते हैं। ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है।
डीसी ने कहा कि पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है, जिससे किसानों को गेट पास के लिए इंतजार न करना पड़े और वे 24 घंटे अपनी फसल बेच सकें।

