साइबर ठगी : व्हाट्सएप पर दोस्ती कर कृषि इंस्पेक्टर से हड़पे 40 लाख
हिसार में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कृषि विभाग के एक इंस्पेक्टर से करीब 40 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह...
हिसार में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां कृषि विभाग के एक इंस्पेक्टर से करीब 40 लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह ठगी सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती और फिर फर्जी ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म के माध्यम से की गई।
शिकायत के अनुसार, 20 फरवरी को इंस्पेक्टर को फेसबुक पर रेखा यादव नामक आईडी से फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली, जिसे उन्होंने स्वीकार कर लिया। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और फिर व्हाट्सएप पर चैटिंग होने लगी। महिला ने उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच दिया।
कुछ समय बाद आरोपी ने ग्लोबलप्राइम्स नामक वेबसाइट का लिंक भेजकर उस पर अकाउंट बनवाया और टेलीग्राम चैनल से जोड़ दिया। शुरुआत में 50 हजार रुपये निवेश करवाए गए, जिस पर लाभ दिखाते हुए 53,890 रुपये वापस भी कर दिए गए। इससे पीड़ित का भरोसा बढ़ गया।
इसके बाद आरोपी ने बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। पीड़ित ने पहले 20 लाख रुपये, फिर 10 लाख और बाद में 5 लाख रुपये अलग-अलग समय पर ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो उन्हें बताया गया कि निकासी के लिए न्यूनतम 20 ट्रेड पूरे करना जरूरी है।
शक होने पर पीड़ित ने अपने परिचित से बात की, जिसने इसे साइबर फ्रॉड बताया। इसके बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस अब मामले की जांच कर रही है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
