गांव शाहपुर तगा स्थित बाबा मोहनदास गौशाला में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ वार्षिकोत्सव मनाया गया। इस अवसर पर गौशाला परिसर में धार्मिक अनुष्ठान, गौ-पूजन एवं सेवा कार्य किये गये। इनमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान त्यागी समाज हरियाणा के प्रदेश अध्यक्ष एवं समाजसेवी पुनीत राई ने गौशाला पहुंचकर गौसेवा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने त्यागी समाज हरियाणा ट्रस्ट की ओर से बाबा मोहनदास गौशाला को एक लाख 11 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की। इस सहयोग राशि को गौशाला के विकास, गौवंश की सेवा एवं संरक्षण के लिए महत्वपूर्ण बताया।
समाजसेवी पुनीत राई ने अपने संबोधन में कहा कि गौसेवा भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है और समाज के प्रत्येक वर्ग को अपने सामर्थ्य अनुसार योगदान देना चाहिए। उन्होंने गौशाला प्रबंधन द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। गौशाला समिति ने त्यागी समाज हरियाणा ट्रस्ट तथा पुनीत राई का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार का सहयोग गौवंश की देखभाल एवं गौशाला के सतत विकास में सहायक सिद्ध होगा।

