भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास कांग्रेस की प्राथमिकता : कमल दिवान
जिलाध्यक्ष बोले, सिफारिशी नहीं बल्कि जनता की सेवा करने वाले उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
सोनीपत में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान ने कहा कि वर्तमान में नगर निगम भ्रष्टाचार की गिरफ्त में है, जिससे आम जनता के काम रुके हुए हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार मुक्त शासन और विकास कांग्रेस की प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि कांग्रेस केवल उन्हीं उम्मीदवारों को पार्षद और मेयर पद के लिए मैदान में उतारेगी, जो वास्तव में जनता के बीच रहकर काम करते हैं।
जोगी चौपाल में संबोधित कर रहे थे कमल दिवान
कमल दिवान शुक्रवार को वार्ड-17 स्थित जोगी चौपाल में पूर्व पार्षद कुलदीप खासा द्वारा आयोजित सभा में बोल रहे थे। उन्होंने वादा किया कि कांग्रेस द्वारा निगम में सत्ता संभालते ही सबसे पहले भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म किया जाएगा और रुके हुए विकास कार्यों को युद्ध स्तर पर गति दी जाएगी।
सभा को संबोधित करते हुए ग्रामीण जिलाध्यक्ष संजीव दहिया ने कहा कि शहर की जनता भाजपा की जनविरोधी नीतियों और दिखावे के विकास से तंग आ चुकी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर कांग्रेस की जनकल्याणकारी नीतियों का प्रचार करें।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष सतपाल कौशिक, अशोक सरोहा, प्रदेश महासचिव राजेश सेवली, जिला सचिव अंकित मेहता समेत अनेक पदाधिकारी और वार्डवासी मौजूद रहे।

