नगर निगम चुनाव की सरगर्मियां तेज होते ही कांग्रेस पार्टी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। सोमवार को कांग्रेस भवन में शहरी जिला अध्यक्ष कमल दिवान और ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया की संयुक्त अध्यक्षता में नवनियुक्त पदाधिकारियों की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में निगम चुनावों को लेकर जीत का खाका तैयार किया गया और कार्यकर्ताओं को चुनावी मैदान में उतरने के कड़े निर्देश दिए गये।बैठक के दौरान पार्टी के प्रचार-प्रसार को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। जिला अध्यक्ष कमल दिवान ने पदाधिकारियों को कहा कि प्रत्येक वार्ड में पार्टी की नीतियों और जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाएगी। इस बार कांग्रेस पूरी मजबूती के साथ चुनाव लड़ेगी और नगर निगम में कांग्रेस का परचम लहराना तय है। रणनीतिक रूप से हर वार्ड के लिए अलग-अलग टीमें गठित करने पर भी सहमति बनी, जो घर-घर जाकर पार्टी का संदेश पहुंचाएंगी।ग्रामीण जिला अध्यक्ष संजीव दहिया ने कहा कि संगठन की मजबूती ही चुनाव में जीत का आधार बनेगी। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उन पर एक बड़ी जिम्मेदारी है और उन्हें आपसी तालमेल के साथ जनता के बीच जाना होगा।बैठक में सभी पदाधिकारियों ने एकजुट होकर चुनाव लड़ने और कांग्रेस को विजयी बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान एडवोकेट मुकेश पन्नालाल, सतपाल कौशिक, प्रशांत शर्मा, हरिदर सैनी, अमनदीप पाराशर, देवेंद्र शर्मा, आशा अहलावत, अनुज छाबड़ा, सौरभ सचदेवा, सत्यवीर सिंह निर्माण, दयानंद वाल्मीकि, राजेश, देवेंद्र सिंह, राजेश कालूपुर, पायल मलिक आदि भी मौजूद रही।