जेसीबी से फ्लाईओवर की दीवार तोड़ने पर कांग्रेस ने उठाया विरोध : पंकज डावर
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने रेलवे रोड से राजेंद्र पार्क जाने वाले फ्लाईओवर की दीवार को जेसीबी से तोड़ने की घटना को गुंडागर्दी करार दिया और सरकार से कड़ा संज्ञान लेने की मांग की। पंकज डावर ने...
कांग्रेस के जिला अध्यक्ष (शहरी) पंकज डावर ने रेलवे रोड से राजेंद्र पार्क जाने वाले फ्लाईओवर की दीवार को जेसीबी से तोड़ने की घटना को गुंडागर्दी करार दिया और सरकार से कड़ा संज्ञान लेने की मांग की।
पंकज डावर ने कहा कि इस तरह का कार्य नियम-कायदों की धज्जियां उड़ाने के बराबर है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस तरह की परंपरा शुरू हो गई, तो कोई भी दबंग सरकारी संपत्ति पर बुल्डोजर चला सकता है और इसे जनता के हित में दिखा सकता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता के हित में किसी भी काम को सही प्रक्रिया और प्रशासनिक अनुमति के तहत ही किया जाना चाहिए।
फ्लाईओवर की दीवार तोड़े जाने की सूचना मिलते ही पंकज डावर, कांग्रेस की मेयर प्रत्याशी सीमा पाहुजा और अन्य नेताओं ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई कानून को अपने हाथ में लेने जैसी है और इसे गंभीर अपराध माना जाना चाहिए।
डावर ने कहा कि जनता की समस्याओं को उठाना जरूरी है, लेकिन इसके लिए शासन और प्रशासन से उचित मांग करनी चाहिए, न कि जेसीबी से तोड़फोड़। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी कार्य को अवैध तरीके से न किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा तुरंत कानूनी कार्रवाई की जाए।

