मनरेगा और गांधी के नाम पर कांग्रेस जनता को गुमराह कर रही है : मनीष कुमार ग्रोवर
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा के बहाने आज उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की याद आ रही...
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सहकारिता मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर ने कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मनरेगा के बहाने आज उन्हें राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की याद आ रही है, जबकि 10 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल में उन्हें केवल अपने परिवार के सदस्य ही नजर आते रहे। उन्होंने कहा कि उस समय महात्मा गांधी के नाम की बजाय भवनों और संस्थानों का नामकरण चौधरी रणबीर सिंह हुड्डा के नाम पर किया गया।
पूर्व मंत्री ग्रोवर मंगलवार को कलानौर नगर पालिका में नवनियुक्त वाइस चेयरपर्सन मोनिका आनंद के पदभार ग्रहण समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा के तहत अब 100 दिनों के बजाय 125 दिनों का रोजगार देने का निर्णय लिया है, जिसे कांग्रेस पचा नहीं पा रही। उन्होंने कांग्रेस नेताओं से जनता को भ्रमित करना बंद करने की अपील की।
ग्रोवर ने कहा कि मनरेगा में कार्यदिवस बढ़ाने के साथ-साथ इसे पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है, ताकि मजदूरों के साथ किसी भी प्रकार की हेराफेरी न हो सके। उन्होंने कहा कि बुढ़ापा पेंशन, जनधन योजना, किसान सम्मान निधि सहित अनेक योजनाओं के तहत राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में पहुंच रही है, लेकिन कांग्रेस ने इन योजनाओं को लेकर भी जनता को गुमराह करने का प्रयास किया था। आज जब केंद्र और हरियाणा सरकार पारदर्शी व्यवस्था लागू कर रही हैं, तो कांग्रेस बेचैन हो रही है।
पूर्व मंत्री पर उठाये सवाल
पूर्व मंत्री ने कलानौर विधायक पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव जीतने के बाद वे क्षेत्र में नजर नहीं आते। जनता को उनसे विधायक फंड का हिसाब मांगना चाहिए और यह पूछना चाहिए कि कलानौर को अब तक कौन-कौन सी बड़ी सौगातें दिलवाई गई हैं।
उन्होंने चेयरपर्सन, वाइस चेयरपर्सन और सभी पार्षदों से मिलकर कलानौर के समग्र विकास के लिए कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विकास कार्यों के लिए सरकार की ओर से फंड की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर रोहतक नगर निगम के मेयर राम अवतार वाल्मीकि, प्रदेश सचिव रेणु डाबला, चेयरपर्सन निर्मला देवी, राजू फौजी, कोऑपरेटिव बैंक अध्यक्ष हरीश कौशिक, पूर्व जिला अध्यक्ष रमेश भाटिया, प्रतुल आनंद, गुलाब सिंह सहित अनेक पार्षद, अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

