Tribune
PT
Subscribe To Print Edition About the Dainik Tribune Code Of Ethics Advertise with us Classifieds Download App
Add Tribune As Your Trusted Source
search-icon-img
Advertisement

शिकायत बंद करने से नहीं, नागरिक की संतुष्टि के बाद होगा निस्तारण : सैनी

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, लापरवाही मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी शिकायत को केवल फाइल बंद कर देने से उसका निस्तारण नहीं माना जाएगा। समस्या के...

  • fb
  • twitter
  • whatsapp
  • whatsapp
featured-img featured-img
गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं की प्रगति और नागरिकों की सुविधाओं से जुड़े कार्यों की समीक्षा बैठक करते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी। -हप्र
Advertisement

समीक्षा बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दिए निर्देश, लापरवाही मिलने पर तय होगी जिम्मेदारी

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसी शिकायत को केवल फाइल बंद कर देने से उसका निस्तारण नहीं माना जाएगा। समस्या के समाधान के बाद संबंधित नागरिक से पुष्टि और उसकी संतुष्टि जरूरी होगी। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गुरुग्राम में विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं और जनसमस्याओं की समीक्षा बैठक के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के पास नागरिकों की समस्याओं की जानकारी लेने और उनके समाधान की निगरानी के लिए समानांतर व्यवस्था है, जिसकी वे स्वयं मॉनिटरिंग करते हैं। उन्होंने कहा कि कई बार वे शिकायतकर्ता से सीधे बात कर समस्या की वास्तविक स्थिति जानने का प्रयास करते हैं।

Advertisement

सैनी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण के बाद नियमित रूप से फीडबैक लिया जाए। यदि किसी नागरिक की ओर से यह बताया जाता है कि समस्या का समाधान नहीं हुआ, जबकि संबंधित अधिकारी निस्तारण की रिपोर्ट दे चुका है, तो मामले की दोबारा जांच की जाएगी। लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर कार्रवाई होगी।

Advertisement

मुख्यमंत्री ने बताया कि गुरुग्राम में एक बिल्डर द्वारा सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट का उचित संचालन नहीं किए जाने से जुड़े मामले में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के संबंधित क्षेत्रीय अधिकारियों को लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की जरूरतों को देखते हुए बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं।

शहर में रेडी मिक्स कंक्रीट के लिए जोनवार क्षेत्र विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा ककरोई हेड से बसई जल शोधन संयंत्र तक 69.585 किलोमीटर लंबी भूमिगत दबावयुक्त पाइपलाइन बिछाई जाएगी। 1,993.59 करोड़ रुपये की इस परियोजना का जनवरी में शिलान्यास प्रस्तावित है और इसे 30 माह में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

दिल्ली से गुरुग्राम कूड़ा डालने वाले वाहनों पर कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने दिल्ली से गुरुग्राम में कूड़ा डालने वाले वाहनों को जब्त करने और भारी जुर्माना लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम की स्वच्छता और पर्यावरण के साथ समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही अधिकारियों के जमीनी प्रदर्शन को उनकी एसीआर में दर्ज करने की बात भी कही। बैठक में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरवीर सिंह, विधायक विमला चौधरी, तेजपाल तंवर, मुकेश शर्मा, राजेश खुल्लर, डीएस ढेसी सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

Advertisement
×