पलवल में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर कंपनी कर्मचारियों ने किया प्रदर्शन
पलवल के घुघेरा गांव के पास स्थित अफिनिटी कंपनी के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कंपनी के महिला-पुरुष कर्मचारी सुबह गेट पर जमा हुए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। सूचना...
पलवल के घुघेरा गांव के पास स्थित अफिनिटी कंपनी के कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। कंपनी के महिला-पुरुष कर्मचारी सुबह गेट पर जमा हुए और नारेबाजी करते हुए धरने पर बैठ गए। सूचना मिलने पर गदपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कंपनी प्रबंधन से बात की। कंपनी प्रबंधन टीम ने कर्मचारियों से बातचीत कर उन्हें आश्वासन दिया, जिसके बाद सभी कर्मचारी काम पर लौट गए।
कर्मचारियों का आरोप है कि लंबे समय से उनके वेतन में कोई वृद्धि नहीं हुई है, जबकि महंगाई लगातार बढ़ रही है। उनका यह भी कहना है कि कंपनी में काम का दबाव बढ़ा दिया गया है, लेकिन वेतन और अन्य सुविधाएं उसी अनुपात में नहीं बढ़ाई गई हैं। मौजूदा वेतन में परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, जिससे उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कर्मचारियों ने बताया कि उन्होंने पहले भी कई बार कंपनी प्रबंधन से वेतन वृद्धि की मांग की थी, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसके बाद उन्हें मजबूरन विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।

